बड़े डोंगर-कोनगुड़ सड़क के नवीनीकरण को मिली मंजूरी, 9 करोड़ से बदलेगी 19 किमी सड़क की तस्वीर
फरसगांव ब्लॉक में लंबे समय से जर्जर बड़े डोंगर-कोनगुड़ सड़क के नवीनीकरण को मंजूरी मिल गई है। करीब 19 किलोमीटर लंबी सड़क के लिए लगभग 9 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने इस मुद्दे को विधानसभा में उठाने के साथ मुख्यमंत्री और संबंधित विभाग के समक्ष लगातार सड़क नवीनीकरण की मांग रखी थी।
UNITED NEWS OF ASIA. रामकुमार भारद्वाज, कोंडागांव l लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ी बड़े डोंगर से कोनगुड़ तक की महत्वपूर्ण सड़क के नवीनीकरण का रास्ता अब साफ हो गया है। क्षेत्रवासियों की बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करते हुए करीब 19 किलोमीटर लंबी सड़क के लिए लगभग 9 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। सड़क के नवीनीकरण की मंजूरी से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है।
इस सड़क की खराब स्थिति के कारण ग्रामीणों और राहगीरों को लंबे समय से आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बारिश के दौरान स्थिति और अधिक खराब हो जाती थी। ऐसे में सड़क के नवीनीकरण की स्वीकृति को क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है।
विधानसभा में उठाया था मुद्दा
केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने बड़े डोंगर-कोनगुड़ सड़क की जर्जर स्थिति का मुद्दा विधानसभा में प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने सदन में सड़क की खराब हालत और इससे आम लोगों को होने वाली परेशानियों को सरकार के सामने रखा।
इसके अलावा विधायक ने संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ लगातार पत्राचार किया और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा के समक्ष भी सड़क के नवीनीकरण की मांग रखी। लगातार किए गए प्रयासों के बाद अब सड़क के लिए करीब 9 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है।
भारी वाहनों के दबाव से बिगड़ी सड़क
विधायक नीलकंठ टेकाम के अनुसार, वर्ष 2017-18 में कोंडागांव कलेक्टर के पद पर रहते हुए उन्होंने इस सड़क का निर्माण करवाया था। इसके बाद सड़क के रखरखाव और नवीनीकरण पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।
वहीं अंतागढ़-नारायणपुर मार्ग पर निर्माण कार्य के दौरान भारी वाहनों का यातायात भी इस सड़क की ओर डायवर्ट किया गया था। लगातार भारी वाहनों के आवागमन के कारण सड़क की हालत और खराब होती चली गई।
क्षेत्रवासियों ने अपनी समस्याओं से विधायक को अवगत कराया, जिसके बाद उन्होंने सड़क के नवीनीकरण को लेकर सरकार और विभागीय अधिकारियों के समक्ष लगातार पहल की।
तीन जिलों के संपर्क को मिलेगा फायदा
बड़े डोंगर-कोनगुड़ सड़क के नवीनीकरण से क्षेत्र में आवागमन सुगम होने की उम्मीद है। इस मार्ग के बेहतर होने से कोंडागांव, कांकेर और नारायणपुर जिलों के बीच संपर्क मजबूत होगा।
सड़क सुविधा बेहतर होने से ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलने के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। हजारों लोगों को इस सड़क के नवीनीकरण का सीधा लाभ मिल सकता है।
विधायक नीलकंठ टेकाम ने सड़क की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा का आभार जताया है। वहीं स्थानीय लोगों ने भी विधायक के प्रयासों के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि लंबे इंतजार के बाद उनकी मांग पूरी होने जा रही है।