सिरपुर में चाकूबाजी से मचा हड़कंप, गले पर 3 वार के बाद फरार तीन आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद जिले के ऐतिहासिक नगरी सिरपुर में चाकूबाजी और जानलेवा हमले के मामले में तुमगांव थाना और सिरपुर चौकी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार विवाद के बाद पीड़ित के गले पर धारदार हथियार से तीन-चार वार किए गए, जिससे उसे गंभीर चोट आई। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने आरोपियों की घेराबंदी कर उन्हें पकड़ा और उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

Oct 8, 2026 - 15:51
 0  14
सिरपुर में चाकूबाजी से मचा हड़कंप, गले पर 3 वार के बाद फरार तीन आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. शिखा दास, महासमुंद l महासमुंद जिले की ऐतिहासिक नगरी सिरपुर में चाकूबाजी और जानलेवा हमले की घटना से हड़कंप मच गया। थाना तुमगांव अंतर्गत चौकी सिरपुर क्षेत्र में हुए इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने विवाद के बाद एक युवक पर धारदार हथियार से हमला किया था। हमले में पीड़ित के गले पर तीन-चार बार वार किए गए, जिससे उसे गंभीर चोट आई और काफी रक्तस्राव हुआ। घटना के बाद पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

पुलिस के अनुसार घटना 6 अक्टूबर 2026 की रात की है। शिकायतकर्ता परमानंद ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि राकेश साहू खाना खाने के बाद अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान अंबेडकर चौक के पास हरि ध्रुव ने उसे रोककर लिफ्ट मांगी। राकेश साहू द्वारा लिफ्ट देने से मना करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया और हरि ध्रुव द्वारा गाली-गलौज किए जाने का आरोप है। इसी दौरान राकेश साहू ने परमानंद और टिकेश्वर साहू को आवाज देकर बुलाया। दोनों ने मौके पर पहुंचकर मामले को शांत कराया और इसके बाद अपने कार्यस्थल अस्पताल वापस चले गए।

कुछ देर बाद राजेश ठाकुर ने परमानंद को फोन किया और कथित विवाद को लेकर हरि ध्रुव से माफी मांगने की बात कही। शिकायतकर्ता के अनुसार उसने राजेश ठाकुर से अस्पताल के पास आकर बातचीत करने को कहा, लेकिन वह नहीं माना और लक्ष्मण मंदिर के पास आने के लिए कहा। इसके बाद परमानंद अपने भाई राकेश साहू और टिकेश्वर साहू के साथ वहां पहुंचा। पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक मौके पर राजेश ठाकुर के साथ सुरेश मिरी और हरि ध्रुव भी मौजूद थे।

शिकायत के अनुसार वहां पहुंचते ही गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान हरि ध्रुव ने कथित तौर पर अपने पास रखे धारदार हथियार से परमानंद पर जान से मारने की नीयत से हमला किया। उसके गले पर तीन-चार बार वार किए गए, जिससे गंभीर चोट लगी और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। पीड़ित जान बचाकर वहां से भागा तो आरोपियों द्वारा उसका पीछा किए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है। बाद में राकेश साहू और टिकेश्वर साहू उसे बचाकर सिरपुर चौकी लेकर पहुंचे।

मामले में थाना तुमगांव में अपराध क्रमांक 228/2026 दर्ज कर BNS की धारा 296, 115(2), 351(3), 109(1) और 3(5) के तहत विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान वैज्ञानिक अधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर भौतिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस टीम ने आरोपियों की घेराबंदी कर उन्हें हिरासत में लिया और पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर वारदात में इस्तेमाल धारदार चाकू को नरेंद्र फर्नीचर दुकान के सामने घास में छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में चाकू को विधिवत बरामद कर जब्त किया। मामले में हरिराम ध्रुव, राजेश ठाकुर और सुरेश मिरी को 7 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपी सिरपुर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना तुमगांव और चौकी सिरपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई के साथ वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन को जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया गया है।