आरंग में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की पहल, कार्यक्रम में देरी के बाद छात्राओं को सुरक्षित घर पहुंचाने का कराया इंतजाम

आरंग के शासकीय बद्रीप्रसाद लोधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित दीक्षारंभ एवं लोकार्पण कार्यक्रम में देरी होने पर दूर-दराज से आए छात्र-छात्राओं की परेशानी को देखते हुए मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने उनके सुरक्षित परिवहन की व्यवस्था कराई। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने दो निजी बसें मंगवाईं, जबकि कुछ छात्राओं को मंत्री के काफिले और निजी वाहनों से भी घर भेजा गया।

Sep 24, 2026 - 10:34
 0  2
आरंग में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की पहल, कार्यक्रम में देरी के बाद छात्राओं को सुरक्षित घर पहुंचाने का कराया इंतजाम

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l शासकीय बद्रीप्रसाद लोधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, आरंग में आयोजित दीक्षारंभ एवं लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं की सुविधा को लेकर मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने परिवहन की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में अतिथियों के पहुंचने में देरी होने के कारण दूर-दराज से आए छात्र-छात्राओं को समय पर घर लौटने की चिंता होने लगी थी। स्थिति को देखते हुए मंत्री ने मंच से ही छात्राओं के सुरक्षित परिवहन की व्यवस्था कराने की घोषणा की।

मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने मंच से नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के बाद छात्र-छात्राओं को बसों के माध्यम से उनके घर तक पहुंचाया जाए। निर्देश मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष ने अपनी दो निजी बसें महाविद्यालय परिसर में मंगवाईं। इन बसों के माध्यम से विद्यार्थियों को उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया।

बसों के अलावा कुछ छात्राओं को मंत्री के शासकीय काफिले की गाड़ियों से भी उनके घर भेजा गया। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने भी कई छात्राओं को अपने निजी वाहन से उनके गंतव्य तक पहुंचाया। इस व्यवस्था से कार्यक्रम में शामिल होने आए विद्यार्थियों को देर शाम परिवहन की समस्या से राहत मिली।

बताया गया कि आरंग के इस महाविद्यालय में आसपास के गांवों के अलावा दूर-दराज के क्षेत्रों से भी छात्र-छात्राएं पढ़ाई करने आते हैं। कई विद्यार्थी करीब 25 किलोमीटर तक का सफर तय कर कॉलेज पहुंचते हैं। कार्यक्रम देर से समाप्त होने के कारण शाम के समय परिवहन साधन नहीं मिलने की चिंता विद्यार्थियों के बीच थी।

दीक्षारंभ एवं लोकार्पण समारोह में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा, छत्तीसगढ़ चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा और नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और अतिथि मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की परिवहन संबंधी परेशानी को देखते हुए तत्काल व्यवस्था किए जाने पर छात्र-छात्राओं और महाविद्यालय प्रबंधन ने आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों ने कहा कि समय पर परिवहन की व्यवस्था होने से उन्हें सुरक्षित घर लौटने में सुविधा मिली।