रायपुर में "सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ" अभियान के तहत निकली स्वच्छता जागरूकता रैली

रायपुर नगर निगम ने जोन 5, 7 और 8 में "सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ" अभियान के तहत स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से नागरिकों को कचरा पृथक्करण, प्लास्टिक उपयोग में कमी, जलभराव रोकने और डेंगू-मलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक करते हुए सामूहिक स्वच्छता संकल्प दिलाया गया।

Jul 30, 2026 - 13:01
Jul 30, 2026 - 13:02
 0  2
रायपुर में "सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ" अभियान के तहत निकली स्वच्छता जागरूकता रैली

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर नगर पालिक निगम द्वारा शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से "सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ" अभियान के तहत जोन क्रमांक 5, 7 और 8 में स्वच्छता जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना, संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए जनभागीदारी बढ़ाना और स्वच्छ रायपुर के संकल्प को मजबूत करना रहा।

नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, स्वास्थ्य विभाग की अध्यक्ष गायत्री सुनील चंद्राकर तथा नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर आयोजित इस अभियान में तीनों जोनों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। जोन 5 में जोन अध्यक्ष अम्बर अग्रवाल, जोन कमिश्नर खीरसागर नायक और स्वास्थ्य अधिकारी संदीप वर्मा की उपस्थिति में रैली निकाली गई। जोन 7 में जोन अध्यक्ष श्वेता विश्वकर्मा, जोन कमिश्नर तृप्ति पाणीग्राही और स्वास्थ्य अधिकारी आत्मानंद साहू मौजूद रहे। वहीं जोन 8 में जोन अध्यक्ष प्रीतम सिंह ठाकुर, जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल और स्वास्थ्य अधिकारी गोपीचंद देवांगन के मार्गदर्शन में अभियान संचालित किया गया।

रैली के दौरान नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने विभिन्न सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख मार्गों पर स्वच्छता का संदेश दिया। लोगों को घरों और बाजारों में कचरे का पृथक्करण करने, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने, सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने और जलभराव से बचाव के उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

अभियान के दौरान वर्षा ऋतु में फैलने वाली बीमारियों जैसे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक रोगों से बचाव के उपायों की भी जानकारी दी गई। नागरिकों से अपील की गई कि वे अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने दें, नियमित सफाई रखें और स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन करें।

नगर निगम ने बताया कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। यदि सभी लोग अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें तो शहर को बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सकता है।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित नागरिकों ने सामूहिक स्वच्छता संकल्प लिया। सभी ने अपने घर, मोहल्ले और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने तथा अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प दोहराया। नगर निगम का यह अभियान आने वाले दिनों में भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार जारी रहेगा, ताकि स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण अनुकूल रायपुर के लक्ष्य को जनसहभागिता के माध्यम से साकार किया जा सके।