कैंसर केयर मजबूत करने के साथ स्वस्थ मानव संसाधन तैयार करना जरूरी: वित्त मंत्री ओपी चौधरी

नवा रायपुर में आयोजित BMC छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव-2026 में वित्त मंत्री ओपी चौधरी शामिल हुए। उन्होंने कैंसर के उपचार के साथ जागरूकता, समय पर जांच, शुरुआती पहचान, विशेषज्ञ सेवाओं और चिकित्सा शोध को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत की युवा आबादी आर्थिक विकास की बड़ी ताकत है और विकसित भारत के लक्ष्य के लिए स्वस्थ मानव संसाधन तैयार करना जरूरी है।

Sep 21, 2026 - 08:31
 0  3
कैंसर केयर मजबूत करने के साथ स्वस्थ मानव संसाधन तैयार करना जरूरी: वित्त मंत्री ओपी चौधरी

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l नवा रायपुर में बाल्को मेडिकल सेंटर, eCancer तथा टाटा मेमोरियल सेंटर द्वारा चतुर्थ वार्षिक BMC छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव-2026 का आयोजन किया गया। “Restoring Balance to Cancer Care” थीम पर आयोजित इस कॉन्क्लेव में वित्त मंत्री ओपी चौधरी मुख्य रूप से शामिल हुए। उन्होंने कैंसर केयर को मजबूत करने, स्वास्थ्य सेवाओं में भविष्य की चुनौतियों से निपटने और देश की युवा आबादी को स्वस्थ बनाए रखने की आवश्यकता पर अपने विचार रखे।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में शामिल है और देश की औसत आयु करीब 29 वर्ष है, जबकि छत्तीसगढ़ की औसत आयु करीब 24 वर्ष बताई गई है। उन्होंने कहा कि देश की लगभग 65 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है। यह युवा आबादी भारत की आर्थिक प्रगति की महत्वपूर्ण ताकत है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए इस युवा शक्ति का स्वस्थ रहना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि आने वाले 10 से 20 वर्षों में देश की जनसांख्यिकी में बदलाव देखने को मिलेगा और आबादी की औसत आयु बढ़ेगी। ऐसे में स्वास्थ्य क्षेत्र के सामने नई चुनौतियां आएंगी। वित्त मंत्री ने कहा कि आर्थिक विकास के साथ स्वस्थ मानव संसाधन तैयार करना भी जरूरी है। इसके लिए स्वास्थ्य सेवाओं की समयबद्ध तैयारी, बेहतर चिकित्सा सुविधाओं, विशेषज्ञ सेवाओं और चिकित्सा क्षेत्र में शोध को बढ़ावा देने की आवश्यकता है।

कैंसर केयर के संबंध में उन्होंने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से निपटने के लिए उपचार के साथ जागरूकता, समय पर जांच और शुरुआती पहचान पर भी लगातार काम किया जाना चाहिए। आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं को लोगों तक पहुंचाना और विशेषज्ञ सेवाओं का विस्तार करना स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

वित्त मंत्री ने छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार का उल्लेख करते हुए अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि राज्य गठन के शुरुआती वर्षों में पूरे प्रदेश में केवल एक मेडिकल कॉलेज था। करीब 25 से 26 वर्ष पहले रायपुर में स्थित एकमात्र मेडिकल कॉलेज के कारण मेडिकल सीट हासिल करना विद्यार्थियों के लिए चुनौतीपूर्ण था। उन्होंने कहा कि समय के साथ छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हुआ है तथा आने वाले दो वर्षों में प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 20 से अधिक होने की दिशा में राज्य आगे बढ़ रहा है।

कॉन्क्लेव में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे कैंसर विशेषज्ञों और चिकित्सकों का स्वागत करते हुए ओपी चौधरी ने बाल्को मेडिकल सेंटर और सर्जिकल रिसर्च फाउंडेशन की ओर से छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने डॉ. यशवंत कश्यप, डॉ. दिवाकर पांडे, डॉ. आलोक कुमार स्वाइन और डॉ. अभिनव इंगले सहित आयोजन से जुड़े चिकित्सकों को धन्यवाद दिया।

उन्होंने नवा रायपुर को छत्तीसगढ़ की ग्रीन कैपिटल सिटी बताते हुए देशभर से आए चिकित्सकों से शहर के नियोजित विकास, हरित क्षेत्रों और अन्य सुविधाओं को देखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि नवा रायपुर के विकास में स्वास्थ्य, शिक्षा, अनुसंधान और आधुनिक संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

BMC छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव चिकित्सा विशेषज्ञों के बीच ज्ञान और अनुभव साझा करने का मंच बना। कार्यक्रम में कैंसर उपचार से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। कैंसर केयर को अधिक प्रभावी, संतुलित और मरीज-केंद्रित बनाने के साथ नई तकनीकों और उपचार पद्धतियों पर भी विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से आए चिकित्सक, कैंसर विशेषज्ञ और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे।