GeM पोर्टल से सरकारी खरीदी में अनियमितता का आरोप, कांग्रेस ने की सभी खरीद की जांच की मांग
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सरकारी खरीद के लिए इस्तेमाल होने वाले GeM पोर्टल के माध्यम से की गई खरीद में कथित अनियमितताओं को लेकर जांच की मांग की है। कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि कई सामान बाजार मूल्य की तुलना में अधिक कीमत पर खरीदे गए और स्थानीय व्यापारियों की अनदेखी हुई। उन्होंने अब तक हुई सभी GeM खरीद का सोशल ऑडिट कराने तथा खरीदी गई सामग्री और कीमतों को सार्वजनिक करने की मांग की है। GeM केंद्र और विभिन्न सरकारी संस्थाओं के लिए वस्तुओं एवं सेवाओं की ऑनलाइन सरकारी खरीद का मंच है और इसकी व्यवस्था में पारदर्शिता तथा उचित मूल्य सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी खरीददार पर भी होती है।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सरकारी खरीद के लिए इस्तेमाल होने वाले Government e-Marketplace यानी GeM पोर्टल के माध्यम से हुई खरीदी को लेकर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने GeM के माध्यम से अब तक हुई खरीद की जांच कराने और पूरी प्रक्रिया का सोशल ऑडिट कराने की मांग की है। कांग्रेस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में सरकारी धन के दुरुपयोग और अधिक कीमत पर सामान खरीदे जाने के आरोप लगाए गए हैं।