कवर्धा में ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ, युवाओं ने लिया नशा मुक्ति का संकल्प

कवर्धा में ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत विद्यार्थियों और युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन सुना। कार्यक्रम में युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई और स्वस्थ एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया गया।

Aug 2, 2026 - 16:24
 0  2
कवर्धा में ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ, युवाओं ने लिया नशा मुक्ति का संकल्प

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा l भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत (माई भारत) की ओर से देशव्यापी "नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान" का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत कवर्धा में स्वामी आत्मानंद शासकीय इंग्लिश मीडियम विद्यालय, दुर्गावती चौक में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां विद्यार्थियों और युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन लाइव देखा और सुना।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में देश के युवाओं से नशा मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि यह अभियान अगले 100 सप्ताह तक देशभर में संचालित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करना है।

कवर्धा में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी रहे। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अनुशासित और सकारात्मक जीवन अपनाने की अपील की। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों और युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई तथा समाज में इस विषय पर व्यापक जनजागरूकता फैलाने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि देशभर में लगभग 25 हजार स्थानों पर एक साथ इस अभियान की शुरुआत की गई, जिसमें एक करोड़ से अधिक युवाओं ने वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की। अभियान में मेरा युवा भारत (माई भारत), राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), नेहरू युवा केंद्र, युवा क्लब, विद्यालय, महाविद्यालय, विश्वविद्यालय, विभिन्न गैर-सरकारी संगठन तथा सामाजिक एवं आध्यात्मिक संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी रही।

अभियान के तहत आगामी 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार देशभर में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें खेल प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक गतिविधियां, योग, ध्यान, फिटनेस कार्यक्रम, सामुदायिक सहभागिता और विभिन्न रचनात्मक आयोजनों के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

कार्यक्रम में शामिल विद्यार्थियों और युवाओं ने नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने तथा स्वस्थ, सशक्त और जिम्मेदार समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। आयोजन के सफल संचालन पर मेरा युवा भारत, कवर्धा ने स्वामी आत्मानंद शासकीय इंग्लिश मीडियम विद्यालय के प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर रूचि शार्दूल, जिला शिक्षा अधिकारी एफ.आर. वर्मा, सहायक संचालक एम.के. गुप्ता, माई भारत के जिला युवा अधिकारी राज पटेल सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, युवा और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। यह अभियान युवाओं को नशे से दूर रखने और विकसित भारत के निर्माण में उनकी सकारात्मक भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।