बालोद: 15वें वित्त की राशि सहित 10 सूत्रीय मांगों को लेकर सरपंच संघ का धरना, तहसील कार्यालय के सामने जताई नाराजगी
बालोद विकासखंड के सरपंच, उपसरपंच और पंचों ने 15वें वित्त की राशि सहित 10 सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। नया बस स्टैंड से रैली निकालकर तहसील कार्यालय पहुंचे सरपंच संघ ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने की मांग की। प्रशासनिक अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर नाराजगी जताई गई, बाद में आश्वासन मिलने पर धरना समाप्त हुआ।
UNITED NEWS OF ASIA. परस साहू, बालोद | जिले के बालोद विकासखंड में गुरुवार को सरपंच, उपसरपंच एवं पंचों ने 15वें वित्त आयोग की राशि जारी नहीं होने सहित 10 सूत्रीय मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया। बालोद ब्लाक सरपंच संघ के आह्वान पर नया बस स्टैंड में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया, जिसके बाद विशाल रैली निकालकर तहसील कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने की कोशिश की गई।
सरपंच संघ के सदस्य मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन एसडीएम को ही सौंपना चाह रहे थे, लेकिन मौके पर एडीएम के उपस्थित नहीं रहने से सरपंच संघ के सदस्यों ने नाराजगी व्यक्त की। इस दौरान सरपंच संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य तहसील कार्यालय के मुख्य गेट के सामने धरने पर बैठ गए। वहीं एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार ज्ञापन लेने पहुंचे, लेकिन सरपंच संघ ने उन्हें ज्ञापन सौंपने से इनकार कर दिया और धरना जारी रखा।
बालोद ब्लाक सरपंच संघ के अध्यक्ष कृष्णा राम साहू ने इस दौरान एसडीएम से मोबाइल पर चर्चा की। बातचीत के दौरान एसडीएम ने आश्वासन दिया कि ज्ञापन की प्रति मुख्यमंत्री के सचिव को भेजी जाएगी। इस आश्वासन के बाद सरपंच संघ के सदस्यों ने धरना समाप्त किया और नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
उल्लेखनीय है कि बालोद जनपद पंचायत अंतर्गत सरपंच संघ की बैठक विगत दिनों झलमला ग्राम पंचायत सभा कक्ष में संपन्न हुई थी। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया था कि ग्राम पंचायतों के मूलभूत कार्यों और अन्य पंचायत कार्यों के लिए आवश्यक राशि की मांग को लेकर 8 जनवरी को एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इसी निर्णय के तहत प्रशासन को पूर्व में आवेदन भी सौंपा गया था।
10 सूत्रीय प्रमुख मांगें
ब्लाक सरपंच संघ की प्रमुख मांगों में 15वें वित्त आयोग की राशि ग्राम पंचायतों के खाते में जमा करना, सरपंचों का लंबित मानदेय भुगतान, स्वच्छ भारत मिशन की राशि जारी करना, मनरेगा कार्यों की मटेरियल मद की राशि का शीघ्र भुगतान, सांसद एवं विधायक निधि से कराए गए निर्माण कार्यों की दूसरी किस्त जारी करना, खनिज न्यास निधि की राशि बालोद जनपद के सभी ग्राम पंचायतों को प्रदान करना सहित अन्य मांगें शामिल हैं।
धरना प्रदर्शन में बालोद ब्लाक सरपंच संघ के अध्यक्ष कृष्णा राम साहू, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र रामटेक, मंजूलता साहू, संरक्षक लताकोराम, कृष्ण वर्मा, सचिव दिलीप कुमार डहरे, मीडिया प्रभारी हेमंत साहू, पेमीन साहू, नीलम कोठारी सहित बड़ी संख्या में सरपंच, उपसरपंच और पंच उपस्थित रहे।