भोरमदेव पदयात्रा की तैयारियों की समीक्षा, जिला पंचायत सामान्य सभा में विकास कार्यों पर हुई चर्चा

कवर्धा में जिला पंचायत की सामान्य सभा में भोरमदेव पदयात्रा की तैयारियों, महिला एवं बाल विकास, जल संसाधन, समाज कल्याण और जिला पंचायत विकास योजना 2026-27 की समीक्षा की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों से जुड़े शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और सिंचाई के मुद्दे प्रमुखता से उठाए।

Aug 2, 2026 - 16:27
 0  2
भोरमदेव पदयात्रा की तैयारियों की समीक्षा, जिला पंचायत सामान्य सभा में विकास कार्यों पर हुई चर्चा

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक में सावन के प्रथम सोमवार को आयोजित होने वाली भोरमदेव पदयात्रा की तैयारियों के साथ-साथ विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू ने की, जबकि मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल और जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी भी मौजूद रहे।

बैठक में भोरमदेव पदयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए चिकित्सा सुविधा, पेयजल, स्वल्पाहार, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अध्यक्ष ईश्वरी साहू ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन से परिवार सहित पदयात्रा में शामिल होकर इसे ऐतिहासिक बनाने और बाबा भोरमदेव के दर्शन का लाभ लेने की अपील की।

महिला एवं बाल विकास विभाग ने जिले में संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से टीकाकरण, स्वास्थ्य जांच, पूरक पोषण आहार, शाला पूर्व शिक्षा और अन्य सेवाएं संचालित की जा रही हैं। बैठक में प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, सखी वन स्टॉप सेंटर, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना तथा मिशन वात्सल्य की प्रगति की जानकारी भी दी गई। महतारी वंदन योजना के तहत जिले की 2 लाख 50 हजार 751 महिलाओं को लाभ मिलने और अब तक 680.25 करोड़ रुपये सीधे खातों में अंतरित किए जाने की जानकारी साझा की गई।

जल संसाधन विभाग ने जिले के प्रमुख जलाशयों में जलभराव की स्थिति संतोषजनक होने की जानकारी दी। साथ ही बैराखार और सरोधा जलाशयों से सिंचाई एवं निस्तारी के लिए पानी उपलब्ध कराने, नए जलाशयों के निर्माण तथा सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से जुड़े कार्यों की जानकारी भी सदन में प्रस्तुत की गई।

बैठक में जिला पंचायत विकास योजना 2026-27 पर भी विस्तार से चर्चा हुई। उपसंचालक पंचायत राज तिवारी ने बताया कि 16वें वित्त आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार गरीबी मुक्त पंचायत, स्वस्थ ग्राम, पर्याप्त जलयुक्त गांव, स्वच्छ एवं हरित गांव, महिला हितैषी पंचायत सहित नौ प्रमुख विषयों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों का चयन किया जाएगा।

जिला पंचायत सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई, खाद-बीज भंडारण और जल आपूर्ति जैसे जनहित के मुद्दे सदन में प्रमुखता से उठाए। मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि सदस्यों द्वारा उठाए गए विषयों का समय-सीमा के भीतर निराकरण कर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए।

इसके अलावा सामान्य प्रशासन स्थायी समिति की बैठक में जिला पंचायत के आय-व्यय और समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा भी की गई। बैठक में बताया गया कि जिले में विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत कुल 84,114 हितग्राही लाभान्वित हो रहे हैं तथा जून माह तक 1.43 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हितग्राहियों के खातों में अंतरित की गई है। साथ ही निःशक्त छात्रवृत्ति, कृत्रिम अंग सहायता, निःशक्त विवाह योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की भी जानकारी प्रस्तुत की गई।