गरीबों के उजड़े आशियानों पर विधायक कॉलोनी बनाने का सभी 90 विधायक विरोध करें: उत्तम जायसवाल
आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ ने रायपुर के नकटी गांव में हुई बेदखली की कार्रवाई को अमानवीय बताते हुए प्रदेश के सभी 90 विधायकों से प्रस्तावित विधायक कॉलोनी का विरोध करने की अपील की है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने पर सभी विधायकों के आवासों का घेराव कर आंदोलन किया जाएगा।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ ने रायपुर के नकटी गांव में हुई बेदखली की कार्रवाई को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उत्तम जायसवाल ने कहा कि गरीब परिवारों के उजड़े आशियानों की जमीन पर प्रस्तावित विधायक कॉलोनी बनाए जाने का प्रदेश के सभी 90 विधायकों को खुलकर विरोध करना चाहिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील जनप्रतिनिधि होने का परिचय देते हुए सभी विधायक शासन को लिखित रूप से अपनी असहमति दर्ज कराएं।