गरीब आदिवासी का मकान तोड़े जाने के विरोध में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन विफल, पुलिस ने किया हाउस अरेस्ट
चिरमिरी में आदिवासी परिवार का मकान तोड़कर भाजपा कार्यालय निर्माण के विरोध में युवा कांग्रेस के काला झंडा दिखाने के कार्यक्रम को पुलिस ने रोक दिया। सभी युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन से पहले ही हाउस अरेस्ट कर लिया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. हेमेन्द्र कुमार, चिरमिरी | गरीब आदिवासी परिवार का मकान तोड़कर भाजपा द्वारा कार्यालय निर्माण किए जाने के विरोध में जिला युवा कांग्रेस आज भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को काला झंडा दिखाने की तैयारी कर रही थी। इसके लिए युवा कांग्रेस कार्यकर्ता चिरमिरी के गोदरीपारा से काला झंडा और काले गुब्बारे लेकर विरोध प्रदर्शन के लिए निकलने को तैयार थे।
लेकिन प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही चिरमिरी पुलिस मौके पर पहुंची और सभी युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकते हुए हाउस अरेस्ट कर लिया। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को पार्षद कार्यालय में बंद कर विरोध कार्यक्रम को आगे बढ़ने से रोक दिया।
इस दौरान युवा कांग्रेस महासचिव एवं पार्षद राहुल भाई पटेल, पूर्व पार्षद शिवांश जैन, पूर्व जिला महासचिव सदाशिव बारीक, विधानसभा महासचिव प्रिंस शाही, विधानसभा उपाध्यक्ष अशरफ अली, जितेंद्र साव, राहुल मालिक, परवेज खान, विश्वदीप दास गुप्ता, दिनेश राही, संजय सिरदार, अभय कुमार, विक्रम सिंह चौहान सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
युवा कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार गरीबों की आवाज दबाने और विरोध को कुचलने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि आदिवासी परिवार के साथ हुए अन्याय के खिलाफ संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।