पंडरिया में ‘अपने वोट को जानें’ कार्यक्रम आयोजित, सांसद संतोष पाण्डेय ने युवाओं को मतदान के महत्व से कराया अवगत

मेरा युवा भारत कवर्धा एवं युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में इंदिरा गांधी शासकीय महाविद्यालय पंडरिया में ‘विकसित भारत युवा संवाद’ के अंतर्गत ‘अपने वोट को जानें’ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांसद संतोष पाण्डेय ने युवाओं को मतदान के महत्व, मताधिकार के सही उपयोग और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी।

Nov 6, 2026 - 16:20
 0  2
पंडरिया में ‘अपने वोट को जानें’ कार्यक्रम आयोजित, सांसद संतोष पाण्डेय ने युवाओं को मतदान के महत्व से कराया अवगत

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कबीरधाम l लोकतंत्र को मजबूत बनाने और युवाओं को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इंदिरा गांधी शासकीय महाविद्यालय पंडरिया में ‘विकसित भारत युवा संवाद’ के अंतर्गत ‘अपने वोट को जानें’ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मेरा युवा भारत कवर्धा एवं युवा कार्यक्रम तथा खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद संतोष पाण्डेय उपस्थित रहे। उन्होंने युवाओं से संवाद करते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मतदान केवल एक अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति नागरिकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। युवाओं को अपने मताधिकार का सही और जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करना चाहिए। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद पंडरिया की अध्यक्ष मंजुला कुर्रे, भाजपा मंडल पंडरिया के अध्यक्ष रवीश सिंह ठाकुर, इंदिरा गांधी शासकीय महाविद्यालय पंडरिया की जनभागीदारी प्रबंधन समिति के अध्यक्ष विशाल शर्मा, चंद्रकुमार सोनी, कल्याण सोनी एवं जितेन्द्र सिंह ठाकुर उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य मधुसूदन राजपूत ने की। इस अवसर पर यूथ आइकॉन अदिति मिश्रा ने ‘अपने वोट को जानें’ विषय पर युवाओं को विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने मतदान के अधिकार, मतदाता जागरूकता और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं की सक्रिय भागीदारी के महत्व को समझाया। उन्होंने युवाओं को मतदान से जुड़ी प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक रहने तथा अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों को समझने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का आयोजन जिला युवा अधिकारी राज पटेल के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम प्रभारी चंद्रहास सिंह राजपूत सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापकों ने आयोजन में सहयोग दिया। राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक, ब्लॉक पंडरिया के रोहित रजक एवं रुद्रचरण यादव की भी सक्रिय भूमिका रही।

कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण और छात्र-छात्राओं का विशेष योगदान रहा। आयोजन के दौरान युवाओं को लोकतंत्र की मजबूती में उनकी भागीदारी के महत्व से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करना, मतदान के महत्व को समझाना तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करना रहा। इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।