स्वीपर की कमी पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, स्कूल में जड़ा ताला
मानपुर विकासखंड के जबकसा प्राथमिक शाला में स्वीपर की अनुपस्थिति से नाराज ग्रामीणों ने स्कूल में ताला जड़ दिया और बच्चों के साथ धरने पर बैठ गए। चार साल से अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय में संलग्न सफाईकर्मी को विरोध के बाद स्कूल के लिए रिलीफ कर दिया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. जावेद खान, मानपुर l मोहला-मानपुर-चौकी जिले के मानपुर विकासखंड स्थित जबकसा शासकीय प्राथमिक शाला में सोमवार को ग्रामीणों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा जब वर्षों से लंबित सफाईकर्मी की समस्या का समाधान नहीं हुआ। नाराज ग्रामीणों ने स्कूल परिसर में ताला जड़ दिया और स्कूली बच्चों के साथ स्कूल के बाहर धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल में पदस्थ सफाईकर्मी को वर्षों पहले अन्य कार्यालय में संलग्न कर दिया गया था, जिसके कारण विद्यालय की सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही थी।