रायगढ़ बनेगा प्रदेश का मॉडल शहर, विकास कार्यों का वित्त मंत्री ने किया निरीक्षण

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र में चल रहे प्रमुख विकास कार्यों का निरीक्षण किया। मरीन ड्राइव, अंतर्राज्यीय बस स्टैंड, ऑक्सीजोन और अन्य परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

Jun 22, 2026 - 15:01
 0  3
रायगढ़ बनेगा प्रदेश का मॉडल शहर, विकास कार्यों का वित्त मंत्री ने किया निरीक्षण

UNITED NEWS OF ASIA. महेंद्र अग्रवाल, रायगढ़ l रायगढ़ को प्रदेश के सबसे आधुनिक और सुविधासंपन्न शहरों में शामिल करने की दिशा में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। इसी क्रम में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने सोमवार को नगर निगम क्षेत्र में संचालित विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं का निरीक्षण कर उनकी प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और तय समय-सीमा के भीतर परियोजनाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री ने निर्माणाधीन मरीन ड्राइव, नए अंतर्राज्यीय बस स्टैंड (आईएसबीटी), एफसीआई ऑक्सीजोन, मिट्ठूमुड़ा तालाब, किसान राइस मिल ऑक्सीजोन और कयाघाट पुल सहित कई प्रमुख परियोजनाओं का अवलोकन किया। उनके साथ महापौर जीवर्धन चौहान, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान ओ.पी. चौधरी ने कहा कि रायगढ़ को प्रदेश का सबसे मॉडल शहर बनाना उनका लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि सड़क, परिवहन, पर्यावरण संरक्षण, जल प्रबंधन और शहरी सुविधाओं से जुड़े ये विकास कार्य शहर की तस्वीर बदल देंगे। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद रायगढ़ विकास और आधुनिक सुविधाओं के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा।

प्रगति नगर स्थित मरीन ड्राइव परियोजना का निरीक्षण करते हुए उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने मुख्य बॉक्स कल्वर्ट और डायवर्सन निर्माण कार्य समय पर पूरा होने पर संतोष व्यक्त किया। वित्त मंत्री ने कहा कि मरीन ड्राइव केवल एक सड़क परियोजना नहीं बल्कि शहर की नई पहचान बनने जा रही है। इससे यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, शहर का सौंदर्य बढ़ेगा और नागरिकों को एक आकर्षक सार्वजनिक स्थल मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को आगामी नवंबर माह तक मरीन ड्राइव का निर्माण हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने बहुप्रतीक्षित अंतर्राज्यीय बस स्टैंड (आईएसबीटी) परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह बस टर्मिनल रायगढ़ की भविष्य की परिवहन आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकसित किया जा रहा है। यहां एक साथ 30 बसों के संचालन की सुविधा होगी, जबकि अतिरिक्त 40 बसों के लिए भी पर्याप्त स्थान आरक्षित रहेगा। यात्रियों के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय बनाया जा रहा है, जहां लगभग 550 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। इसके अलावा बसों के रखरखाव के लिए अलग वर्कशॉप भी विकसित की जा रही है।

वित्त मंत्री ने एफसीआई परिसर में विकसित किए जा रहे ऑक्सीजोन प्रोजेक्ट का भी निरीक्षण किया। लगभग सात एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाले इस हरित क्षेत्र को उन्होंने शहर के पर्यावरणीय संतुलन के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने नागरिकों की सुविधा के लिए दो प्रवेश द्वार बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच हरित क्षेत्रों का विस्तार आवश्यक है और यह परियोजना आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण प्रदान करेगी।

उन्होंने कहा कि रायगढ़ में विकास और पर्यावरण संरक्षण दोनों को समान प्राथमिकता दी जा रही है। आधारभूत संरचना के विस्तार के साथ-साथ हरियाली और सार्वजनिक सुविधाओं को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। यह सभी परियोजनाएं पूर्ण होने के बाद रायगढ़ को प्रदेश के सबसे विकसित और सुव्यवस्थित शहरों में शामिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।