कोरबा में बाल मेला एवं वार्षिक उत्सव का शुभारंभ, महापौर संजू देवी ने बच्चों का बढ़ाया उत्साह

कोरबा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बलगीखार में बाल मेला, वार्षिक उत्सव और पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन हुआ। महापौर संजू देवी राजपूत ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया और उत्कृष्ट विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

Nov 18, 2025 - 17:50
 0  29
कोरबा में बाल मेला एवं वार्षिक उत्सव का शुभारंभ, महापौर संजू देवी ने बच्चों का बढ़ाया उत्साह

  UNITED NEWS OF ASIA. भूपेन्द्र साहू,  कोरबा। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बलगीखार में बाल मेला, वार्षिक उत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कोरबा की महापौर  संजू देवी राजपूत ने रिबन काटकर किया। विद्यालय व्यवस्थापन एवं छात्र-छात्राओं द्वारा उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर हार्दिक स्वागत किया गया। बाल मेले में बच्चों ने आकर्षक स्टॉल लगाकर विभिन्न व्यंजन और स्वनिर्मित वस्तुओं का प्रदर्शन एवं वितरण किया, जो उपस्थित जनसमूह के आकर्षण का केंद्र बना रहा।

सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों से हुई, जिनमें स्वागत नृत्य ने दर्शकों की खूब प्रशंसा बटोरी। छोटे-बड़े सभी बच्चों के शानदार प्रदर्शन पर सभागार तालियों से गूंज उठा। कार्यक्रम के दौरान शैक्षणिक व सांस्कृतिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मंच पर सम्मानित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि “आज के बच्चे ही कल के राष्ट्र निर्माता हैं। उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए छत्तीसगढ़ शासन पूरी निष्ठा के साथ बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्यरत है।” उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन के प्रयासों से कोरबा शहर के विकास हेतु 700 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति मिल चुकी है, जिन पर तीव्र गति से कार्य शुरू हो चुका है। साथ ही उन्होंने विद्यालय परिसर की मांगों को जल्द पूरा करने का आश्वासन भी दिया।

महापौर ने भावुक होते हुए कहा कि विद्यालय परिसर में आकर उन्हें अपना बचपन याद आ गया। “हम भी इसी उत्साह और उमंग के साथ स्कूल में पढ़ाई करते थे और कार्यक्रमों में भाग लेते थे। आज बच्चों में वही जोश देखकर अत्यंत खुशी हुई,” उन्होंने कहा। साथ ही शिक्षकों के उत्कृष्ट कार्य की सराहना भी की।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पार्षद नरेंद्र देवांगन की धर्मपत्नी श्रीमती ज्योति देवांगन, विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती स्नेहा शर्मा, अभिमन्यु साहू, वार्ड पार्षद अयोध्या केवट, पार्षद विनय तिवारी सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही, जिन्होंने कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाया।

बाल मेले में विद्यार्थियों की भागीदारी उल्लेखनीय रही। विविध थीम आधारित स्टॉल, हस्तनिर्मित वस्तुएं, व्यंजन और आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया। यह आयोजन बच्चों की रचनात्मकता और प्रतिभा को मंच प्रदान करते हुए सभी को अपने बचपन की यादों में डूबो गया।