प्रभारी सचिव डॉ. एस. भारतीदासन ने धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया, किसानों से ली व्यवस्थाओं की जानकारी
कवर्धा जिले के धान खरीदी केंद्रों का प्रभारी सचिव डॉ. एस. भारतीदासन ने निरीक्षण किया। किसानों से सीधे चर्चा कर खरीदी व्यवस्था की जानकारी ली। नमी मापन, तौल, बारदाना और टोकन व्यवस्था सहित सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप कबीरधाम जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सुचारू और पारदर्शी रूप से प्रारंभ हो चुकी है। इसी क्रम में आज जिले के प्रभारी सचिव डॉ. एस. भारतीदासन ने कलेक्टर गोपाल वर्मा के साथ जिले के विभिन्न धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने ग्राम दशरंगपुर, पिपरिया, कवर्धा, महाराजपुर एवं मैनपुरी के उपार्जन केंद्रों में पहुँचकर खरीदी प्रक्रिया की वास्तविक प्रगति जानी।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने किसानों से सीधे संवाद स्थापित कर खरीदी व्यवस्था से संबंधित उनकी संतुष्टि, समस्याओं और सुझावों की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि धान खरीदी की संपूर्ण प्रक्रिया—टोकन, तौल, नमी परीक्षण, बारदाना उपलब्धता एवं ढेरी व्यवस्था—पूरी तरह सुचारू है तथा उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आ रही है। किसानों ने प्रशासन की पारदर्शी व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। इस पर डॉ. भारतीदासन ने विश्वास दिलाया कि शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता किसान हैं, और खरीदी प्रणाली को और अधिक सरल एवं प्रभावी बनाने के लिए लगातार सुधार जारी हैं।
प्रभारी सचिव ने खरीदी केंद्रों में स्थापित आद्रतामापी मशीन से नमी परीक्षण, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन की सटीकता, गुणवत्ता परीक्षण, धान की ढेरी लगाने की प्रक्रिया और संपूर्ण रिकॉर्ड संधारण का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि किसान जिस दिन का टोकन कटवाएं, उसी दिन बिना किसी परेशानी के अपना धान विक्रय कर सकें, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने प्रथम और द्वितीय टोकन की विक्रय मात्रा की स्पष्ट जानकारी सभी किसानों को समय पर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
इसके अतिरिक्त उन्होंने पंजीकृत किसानों की संख्या, रकबा, अनुमानित खरीदी, बारदाना उपलब्धता, कैप कव्हर, तिरपाल, ढेरी स्टैकिंग व्यवस्था, ड्रेनेज सिस्टम, प्रकाश सुविधा, पेयजल व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, छाया शेड तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि खरीदी केंद्रों में भीड़भाड़ न होने पाए और नाप-तौल की पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संचालित हो।
निरीक्षण के दौरान डॉ. भारतीदासन ने कंप्यूटर ऑपरेटरों एवं समिति प्रबंधकों से प्रशिक्षण की जानकारी ली और कहा कि आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त प्रशिक्षण एवं कार्यशालाओं का आयोजन किया जाए, जिससे तकनीकी त्रुटियों को न्यूनतम किया जा सके। उन्होंने “टोकन तुंहर हाथ” ऐप की सेवाओं को और मजबूत करने, तकनीकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा किसानों के लिए सूचना प्रणाली को और अधिक पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए।
किसानों ने अपनी प्रतिक्रियाओं में बताया कि खरीदी केंद्रों में उन्हें सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध हैं और तौलाई से लेकर भुगतान प्रक्रिया तक सभी कार्य बिना किसी बाधा के संचालित हो रहे हैं। प्रभारी सचिव ने निरीक्षण के दौरान कहा कि शासन की प्राथमिकता किसानों को सुविधाजनक, सुगम और पारदर्शी खरीदी उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि खरीदी कार्य में किसी भी किसान को समस्या न हो और सभी व्यवस्थाएँ लगातार मॉनिटर की जाएँ।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम कवर्धा श्री चेतन साहू, बोड़ला एसडीएम श्री सागर सिंह, जिला खाद्य अधिकारी श्री सचिन मरकाम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।