बलौदा बाजार में रजत जयंती महोत्सव पर ‘टूर दे बलौदाबाजार साइक्लोथॉन’, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने दिखाई हरी झंडी

छत्तीसगढ़ रजत जयंती महोत्सव के तहत बलौदा बाजार में पहली बार ‘टूर दे बलौदाबाजार साइक्लोथॉन’ का आयोजन किया गया। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने सोनबरसा वन विहार से साइक्लोथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। देशभर से करीब 1000 प्रतिभागियों ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया। इस आयोजन को डिजिटल प्लेटफॉर्म और क्यूआर कोड के माध्यम से और भी आधुनिक बनाया गया। खिलाड़ियों ने इसे स्वास्थ्य, अनुशासन और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला ऐतिहासिक आयोजन बताया।

Sep 28, 2025 - 17:26
 0  14
बलौदा बाजार में रजत जयंती महोत्सव पर ‘टूर दे बलौदाबाजार साइक्लोथॉन’, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने दिखाई हरी झंडी

UNITED NEWS OF ASIA. चंद्रकांत वर्मा, बलौदा बाजार | छत्तीसगढ़ रजत जयंती महोत्सव के अवसर पर बलौदा बाजार जिले में पहली बार आयोजित हुई भव्य “टूर दे बलौदाबाजार साइक्लोथॉन” में खेल और स्वास्थ्य का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रदेश के राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने रविवार सुबह सोनबरसा वन विहार से साइक्लोथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस मौके पर कलेक्टर दीपक सोनी, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता, डीएफओ गणवीर धम्मशील, तथा जिला पंचायत सीईओ दिव्या अग्रवाल समेत अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

डिजिटल तकनीक से प्रतिभागियों को मिली सुविधा

साइक्लोथॉन को आधुनिक रूप देने के लिए जिला प्रशासन ने प्रतिभागियों के लिए विशेष वेब पोर्टल (https://tourdebalodacyclothon.com) और क्यूआर कोड सिस्टम लॉन्च किया। इसके माध्यम से प्रतिभागियों को रूट, स्टार्ट और फिनिश प्वाइंट, महत्वपूर्ण लोकेशन और गूगल मैप्स की सभी जानकारी डिजिटल रूप से उपलब्ध कराई गई।

देशभर से 1000 से अधिक प्रतिभागी

इस ऐतिहासिक आयोजन में न केवल बलौदा बाजार जिले के युवा बल्कि देशभर से करीब 1000 प्रतिभागी शामिल हुए। प्रतियोगिता को दो श्रेणियों में विभाजित किया गया और प्रतिभागियों ने 50 किलोमीटर की दूरी तय की।

खिलाड़ियों ने साझा किए अनुभव

खिलाड़ियों ने साइक्लोथॉन को लेकर अपना उत्साह व्यक्त किया।

  • देवदत्त पटेल, प्रतिभागी छात्र ने कहा, “पहली बार ऐसे आयोजन में शामिल हुआ हूं। लोगों का उत्साह देखकर बहुत अच्छा लगा। रास्ते में रिफ्रेशमेंट और सहयोग से मनोबल बढ़ा।”

  • दृष्य कुमार यादव ने कहा, “ऐसे आयोजन युवाओं को फिटनेस और खेलों की ओर प्रेरित करते हैं। मेरा अनुभव शानदार रहा।”

  • सरस्वती साहू, जिन्होंने प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त किया, बोलीं, “यह मेरे लिए यादगार अनुभव है। गांव वालों ने रास्ते में फल और ग्लूकोज वाटर देकर प्रोत्साहित किया।”

खेल, स्वास्थ्य और पर्यावरण का संदेश

कलेक्टर दीपक सोनी ने कहा कि साइक्लिंग केवल खेल नहीं बल्कि एक जीवनशैली है। यह स्वास्थ्य, अनुशासन और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती है। बलौदा बाजार प्रशासन ने इस आयोजन को रजत जयंती महोत्सव से जोड़कर युवाओं को बेहतर जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया है।

इस आयोजन ने बलौदा बाजार को खेल नक्शे पर नई पहचान दिलाई है। प्रशासन और प्रतिभागियों की सहभागिता से यह साइक्लोथॉन आने वाले समय में राज्यस्तरीय और राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों के लिए भी मार्ग प्रशस्त करेगी।