सुशासन तिहार में शिक्षा के सितारों का सम्मान, प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता दिलाने वाले शिक्षक हुए सम्मानित

धमधा विकासखंड के ग्राम चीचा में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। प्रतियोगी परीक्षाओं में विद्यार्थियों का चयन कराने वाले शिक्षकों की सराहना की गई, वहीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को भी सम्मान मिला।

May 7, 2026 - 12:57
 0  2
सुशासन तिहार में शिक्षा के सितारों का सम्मान, प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता दिलाने वाले शिक्षक हुए सम्मानित

UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर l दुर्ग जिले के धमधा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत चीचा में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम केवल जनसमस्याओं के समाधान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों और मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान का भी विशेष अवसर बना। कार्यक्रम में ग्रामीण अंचलों में शिक्षा की अलख जगाने वाले शिक्षकों और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले छात्रों को मंच पर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान उन शिक्षकों को विशेष रूप से सराहा गया, जिन्होंने वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार कर सफलता दिलाई है। माध्यमिक शाला पोटिया के शिक्षक पवन सिंह और माध्यमिक शाला छोटे पुरदा के शिक्षक आदिल हसन को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। दोनों शिक्षकों ने अब तक 500 से अधिक विद्यार्थियों का चयन राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा (NMMSE) में कराकर क्षेत्र में नई पहचान बनाई है।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना चुनौतीपूर्ण कार्य होता है, लेकिन समर्पित शिक्षकों के प्रयासों से यह संभव हो पा रहा है। पवन सिंह और आदिल हसन के प्रयासों को शिक्षा क्षेत्र में प्रेरणादायक उदाहरण बताया गया।

इसके अलावा शासकीय प्राथमिक शाला डोड़की के प्रधान पाठक यशवंत पटेल और प्राथमिक शाला सेमरिया के प्रधान पाठक दिनेश वर्मा को भी सम्मानित किया गया। इन दोनों शिक्षकों ने लगभग 300 विद्यार्थियों का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय में कराकर क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की नई मिसाल कायम की है।

नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम देने वाले अन्य शिक्षकों में सहायक शिक्षक खिलेश्वर साहू, प्रधान पाठक पोषण देशमुख और प्रधान पाठक हेमंत कुमार साहू का भी सम्मान किया गया। इन शिक्षकों ने भी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को नवोदय विद्यालय में प्रवेश दिलाने में अहम भूमिका निभाई है।

कार्यक्रम में केवल शिक्षकों ही नहीं बल्कि मेधावी विद्यार्थियों को भी मंच पर सम्मानित किया गया। धमधा विकासखंड की 12वीं बोर्ड परीक्षा में दूसरा स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा शिवानी वर्मा को 95 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर सम्मान मिला। वहीं 91 प्रतिशत अंकों के साथ नौवां स्थान हासिल करने वाली छात्रा श्रद्धा बंजारे को भी सम्मानित किया गया।

इसके अलावा 10वीं कक्षा में 88 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र टिकेश्वर पटेल का भी कार्यक्रम में सम्मान किया गया। विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।

ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह से बच्चों में शिक्षा के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होती है और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। सुशासन तिहार का यह आयोजन शिक्षा और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।