सरगुजा में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण पर कार्रवाई, 124 सिलेंडर जब्त
सरगुजा जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने उदयपुर क्षेत्र में छापेमारी कर 124 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। मामले में एलपीजी (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश 2000 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
UNITED NEWS OF ASIA. आकाश सोनकर, सरगुजा। जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण और वितरण के खिलाफ प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम लगातार निगरानी और जांच अभियान चला रही है। इसी क्रम में उदयपुर क्षेत्र में की गई जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 124 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं।
खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जांच के दौरान तुलसी छत्तीसगढ़ गैस एजेंसी, उदयपुर से 115 सिलेंडर, गोरख गैस चूल्हा रिपेयरिंग, नमनाकला से 3 सिलेंडर तथा प्रदीप गैस चूल्हा रिपेयरिंग शॉप, दर्रीपारा से 6 सिलेंडर जब्त किए गए। इस प्रकार कुल 124 घरेलू गैस सिलेंडर जब्ती की कार्रवाई की गई है।
अधिकारियों ने बताया कि उक्त प्रकरण में द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश, 2000 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का दुरुपयोग या अवैध भंडारण न हो और उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।
कलेक्टर अजीत वसंत ने जिले के सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने बताया कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और सभी गैस एजेंसियों में पर्याप्त मात्रा में स्टॉक मौजूद है।
प्रशासन द्वारा गैस सिलेंडरों की आपूर्ति और वितरण पर नियमित रूप से निगरानी रखी जा रही है। इसके साथ ही राज्य स्तर पर भी घरेलू गैस सिलेंडरों की उपलब्धता और दैनिक आवश्यकता पर सतत निगरानी रखने तथा अवैध भंडारण पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कहीं भी घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण या दुरुपयोग पाया जाता है, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी