तिल्दा-नेवरा में बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार; 2 लाख की 5 मोटरसाइकिल बरामद
तिल्दा-नेवरा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 2 लाख रुपये कीमत की चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। जांच में आरोपियों द्वारा जनवरी 2026 से 7 अगस्त 2026 के बीच तिल्दा-नेवरा सहित आसपास के क्षेत्रों से बाइक चोरी करने की बात सामने आई। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई।
UNITED NEWS OF ASIA. अशोक मिश्रा, तिल्दा नेवरा l तिल्दा-नेवरा! रायपुर ग्रामीण पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर करीब 2 लाख रुपये कीमत की चोरी की 5 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, हथबंद निवासी संजीव त्यागी (55) तिल्दा-नेवरा के बुधवारी साप्ताहिक बाजार में खरीदारी करने आए थे। उन्होंने अपनी हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़ी की थी।
बाजार से वापस लौटने पर बाइक गायब मिली। शिकायत पर थाना तिल्दा-नेवरा में अपराध क्रमांक 342/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक चोरी की मोटरसाइकिलों की पहचान और स्वरूप बदलकर उनका इस्तेमाल कर रहे हैं
तथा उन्हें बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। पुलिस ने संदेहियों परवाना देवार जोगी (21), अजीत जोगी (20) और अजय कुमार यदु (28) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों ने जनवरी 2026 से 7 अगस्त 2026 के बीच तिल्दा-नेवरा, बगदई, बैकुंठ स्थित शराब दुकान परिसर और साप्ताहिक बाजार क्षेत्र से कुल पांच मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चार हीरो एचएफ डीलक्स और एक हीरो पैशन प्रो समेत पांच बाइक बरामद कीं।
पुलिस के अनुसार चोरी की बाइकें अजय कुमार यदु के घर के पास छिपाकर रखी गई थीं। इस कार्रवाई में तिल्दा-नेवरा पुलिस की तकनीकी जांच, सीसीटीवी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।