विधानसभा सत्र में सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने उठाए क्षेत्र के मुद्दे, अपराध, आगजनी और स्वास्थ्य सेवाओं पर मांगी जानकारी

विधानसभा सत्र के दौरान सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने अपने क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को सदन में उठाया। उन्होंने सरगुजा जिले में बढ़ते आपराधिक मामलों, आगजनी की घटनाओं और शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय सरगुजा में संचालित हमर लैब से संबंधित जानकारी सरकार से मांगी।

Mar 13, 2026 - 15:53
 0  2
विधानसभा सत्र में सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने उठाए क्षेत्र के मुद्दे, अपराध, आगजनी और स्वास्थ्य सेवाओं पर मांगी जानकारी

UNITED NEWS OF ASIA. आकाश सोनकर, अंबिकापुर | सरगुजा। छत्तीसगढ़ विधानसभा सत्र के दौरान सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने अपने विधानसभा क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को सदन में उठाया। उन्होंने कानून-व्यवस्था, आगजनी की घटनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित प्रश्न सरकार के सामने रखते हुए विस्तृत जानकारी मांगी।

विधायक रामकुमार टोप्पो ने सबसे पहले सरगुजा जिले में वर्ष 2023 से 26 फरवरी 2026 तक घटित आपराधिक मामलों को लेकर सवाल उठाया। उन्होंने गृह विभाग से जानकारी मांगी कि इस अवधि के दौरान जिले में बाहरी गैंगों द्वारा लूट, मारपीट और हथियार दिखाकर डराने-धमकाने जैसे कितने मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही उन्होंने इन मामलों में पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई और इन अपराधों में शामिल गैंगों की जानकारी थाना वार मांगी है।

इस संबंध में विधायक ने गृह मंत्री विजय शर्मा से जवाब मांगा है। उनका कहना है कि इन आंकड़ों से क्षेत्र में अपराध की स्थिति का सही आकलन हो सकेगा और भविष्य में प्रभावी रणनीति बनाकर क्षेत्र को अपराध मुक्त बनाने की दिशा में काम किया जा सकेगा।

इसके अलावा विधायक रामकुमार टोप्पो ने सदन में दूसरा महत्वपूर्ण प्रश्न आगजनी की घटनाओं को लेकर उठाया। उन्होंने वर्ष 2018 से 2026 तक सीतापुर विधानसभा क्षेत्र में हुई आगजनी की घटनाओं की संख्या और उन घटनाओं पर प्रशासन द्वारा किए गए नियंत्रण उपायों की जानकारी मांगी है। साथ ही उन्होंने यह भी पूछा है कि सीतापुर विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में अग्निशमन सेवाओं की क्या-क्या सुविधाएं उपलब्ध हैं

विधायक टोप्पो का कहना है कि आगजनी की घटनाओं से अक्सर लोगों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। ऐसे में यह जानना आवश्यक है कि क्षेत्र में आग बुझाने और राहत कार्यों के लिए पर्याप्त संसाधन और व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं या नहीं। उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।

विधानसभा सत्र के दौरान विधायक टोप्पो ने लोक स्वास्थ्य मंत्री से भी एक महत्वपूर्ण प्रश्न पूछा। उन्होंने सरगुजा के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में संचालित “हमर लैब” से संबंधित विस्तृत जानकारी मांगी है। उन्होंने पूछा है कि वर्ष 2025-26 में हमर लैब में किन-किन बीमारियों की जांच की सुविधा उपलब्ध है और इस अवधि में कुल कितने मरीजों की जांच की गई है।

इसके साथ ही उन्होंने यह भी जानकारी मांगी कि हमर लैब के संचालन के लिए आउटसोर्सिंग के माध्यम से कितनी राशि का भुगतान किया गया है। साथ ही वर्ष 2025-26 में लैब के लिए अभिकर्मक (रीएजेंट) की कितनी खरीद की गई और उस पर कितनी राशि खर्च की गई

विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि इन सवालों के माध्यम से उनका मुख्य उद्देश्य यह जानना है कि आम जनता को सरकारी स्तर पर स्वास्थ्य जांच और उपचार की सुविधाएं पर्याप्त रूप से मिल रही हैं या नहीं। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को सदन में उठाना उनका कर्तव्य है और वे आगे भी क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाते रहेंगे