सेवा मेरा योगदान उत्सव के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां सुनिश्चित करें: कलेक्टर तुलिका प्रजापति

कबीरधाम जिले में सेवा मेरा योगदान उत्सव के सफल आयोजन को लेकर कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने अधिकारियों को समय पर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। 23 से 25 सितंबर तक नगरीय निकायों और 2 से 8 अक्टूबर तक शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, शिक्षा सहयोग और सामाजिक जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

Sep 22, 2026 - 20:22
 0  2
सेवा मेरा योगदान उत्सव के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां सुनिश्चित करें: कलेक्टर तुलिका प्रजापति

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कबीरधाम जिले में “सेवा मेरा योगदान उत्सव” के सफल आयोजन को लेकर कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन और अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने बताया कि “सेवा मेरा योगदान उत्सव” के तहत 23 से 25 सितंबर तक जिले के सभी नगरीय निकायों में तथा 2 से 8 अक्टूबर तक शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर उनका सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करने कहा।

उत्सव के दौरान सेवा एवं स्वच्छता, अन्न एवं वस्त्र दान, विद्यादान एवं शिक्षा सहयोग, कौशल एवं ज्ञान दान, प्रशिक्षण, हरित छत्तीसगढ़ एवं पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य एवं रक्तदान, कल्याण, सामाजिक सुरक्षा एवं जागरूकता, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कलेक्टर ने इन सभी गतिविधियों में समाज के विभिन्न वर्गों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि सेवा और सहयोग की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभागीय गतिविधियों के साथ नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों से कार्यक्रमों को स्थानीय जरूरतों के अनुरूप संचालित करने और प्रत्येक वर्ग को इससे जोड़ने के निर्देश दिए।

गांधी जयंती के अवसर पर विशेष स्वच्छता एवं सेवा गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने सेवा एवं स्वच्छता श्रमदान, स्वच्छता अभियान और प्लास्टिक मुक्ति को लेकर जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने को कहा। जिले के नदी-नालों और अन्य जल स्रोतों की सफाई के लिए वृहद अभियान चलाने तथा जल संरक्षण एवं जल स्रोतों के संरक्षण से संबंधित गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को एक गांव को गोद लेकर वहां सेवा कार्य करने, स्थानीय गौशालाओं में सेवा गतिविधियां संचालित करने और पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता से जुड़े कार्यों में जनभागीदारी बढ़ाने के लिए कहा। कलेक्टर ने कहा कि सेवा मेरा योगदान उत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामूहिक सहभागिता की भावना को मजबूत करने का अवसर है।

उत्सव के अंतर्गत विद्यादान एवं शिक्षा सहयोग गतिविधि के तहत आम नागरिकों को घरों में रखे उपयोगी पुराने वस्त्र जरूरतमंद लोगों को दान करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए। समाज कल्याण विभाग को वृद्धाश्रम और अनाथालयों में कार्यक्रम आयोजित करने के लिए कहा गया।

जिला शिक्षा अधिकारी को जिले के पुस्तकालयों और विद्यालयों में पुस्तक पठन की कक्षाएं आयोजित करने तथा सभी स्कूलों में न्यौता भोज कार्यक्रम के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। आंगनबाड़ी केंद्रों में भी न्यौता भोज आयोजित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने कहा गया। इसके साथ ही सेवा मेरा योगदान उत्सव के दौरान रक्तदान शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में कलेक्टर ने सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने उच्च न्यायालय में लंबित प्रकरणों के निराकरण की स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्धारित समयावधि में प्रकरणों के निराकरण के निर्देश दिए। जिले में ई-ऑफिस के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए सभी विभाग प्रमुखों को शत-प्रतिशत कार्य ई-ऑफिस के माध्यम से करने के लिए कहा।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर नरेंद्र पैकरा, रामप्रसाद अचला, सागर सिंह राज सहित राजस्व अनुविभागीय अधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।