सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा 2026 के तहत ग्राम पंचायतों में प्रतिदिन हो रहीं स्वच्छता गतिविधियां

कवर्धा जिले की ग्राम पंचायतों में सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा 2026 के तहत ग्रामीणों की स्वप्रेरित भागीदारी से प्रतिदिन स्वच्छता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अभियान का उद्देश्य गांवों और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई, स्वच्छता के प्रति जागरूकता, व्यवहार परिवर्तन और स्वच्छता से जुड़ी आजीविका को बढ़ावा देना है।

Sep 22, 2026 - 20:19
 0  2
सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा 2026 के तहत ग्राम पंचायतों में प्रतिदिन हो रहीं स्वच्छता गतिविधियां

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा 2026 के अंतर्गत जिले की ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों द्वारा स्वप्रेरणा से प्रतिदिन विभिन्न स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से गांवों में स्वच्छता का संदेश देने के साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के साथ स्वच्छता ही सेवा 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान विभिन्न ग्राम पंचायतों में प्रतिदिन स्वच्छता संबंधी गतिविधियां आयोजित कर स्वच्छता का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ की थीम पर आयोजित अभियान का उद्देश्य स्वच्छ एवं विकसित भारत के संकल्प को साकार करना है। यह लक्ष्य प्रत्येक नागरिक की सामूहिक भागीदारी से ही हासिल किया जा सकता है।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से जन-जागरूकता और व्यवहार परिवर्तन को बढ़ावा देना है। सामूहिक प्रयासों से ग्रामों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का कार्य किया जा रहा है। स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के कैलेंडर के अनुसार ग्राम पंचायतों में विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

अभियान के तहत स्वच्छता के साथ आजीविका के अवसरों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। घर-घर कचरा संग्रहण का कार्य स्वच्छता दीदियों द्वारा किया जा रहा है, जिससे महिला समूहों से जुड़ी महिलाओं को स्वरोजगार का अवसर मिल रहा है। इस प्रकार स्वच्छता गतिविधियों के साथ आजीविका समर्थन और रोजगार के नए अवसरों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

ग्राम पंचायतों में स्वच्छता दीदियों द्वारा ट्राईसाइकिल के माध्यम से घर-घर जाकर सूखा और गीला कचरा अलग-अलग एकत्र किया जा रहा है। इसके साथ ही जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वच्छाग्रहियों और ग्रामीणों द्वारा सामुदायिक स्थलों, नालियों एवं सड़कों की सफाई के लिए श्रमदान किया जा रहा है।

संग्रहित कचरे को एसएलआरएम सेंटर में ले जाकर वैज्ञानिक तरीके से पृथक्करण एवं निपटान की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए ग्राम स्तर पर रैली और चौपाल का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसके माध्यम से स्वच्छता ही सेवा के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

अभियान के तहत स्वच्छता लक्षित इकाइयों का समयबद्ध रूपांतरण भी किया जा रहा है। डंपिंग स्थलों का चिन्हांकन कर ग्रामीणों की सहभागिता से उनके सौंदर्यीकरण की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा स्वच्छ पाठशाला गतिविधियों के माध्यम से स्कूली बच्चों को ठोस एवं अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जा रहा है। चार प्रकार के अपशिष्ट पृथक्करण को लेकर वाल पेंटिंग और थीम आधारित कला गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में जागरूकता विकसित की जा रही है।

नदियों, तालाबों और अन्य जल स्रोतों की साफ-सफाई के साथ सार्वजनिक स्थलों और पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर भी स्वच्छता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इन गतिविधियों का उद्देश्य स्वच्छ वातावरण के साथ नागरिकों में सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

अभियान के दौरान स्वच्छता दीदियों और सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाने की भी योजना है। इसके माध्यम से स्वच्छता कार्यों से जुड़े लोगों के स्वास्थ्य की जांच और आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा 2026 के माध्यम से कवर्धा जिले में स्वच्छता को जनभागीदारी, जागरूकता, व्यवहार परिवर्तन और आजीविका से जोड़कर ग्राम स्तर पर गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।