तिरंगा फहराते वक्त सरपंच पर तुलसी जल छिड़कने का आरोप, सचिव का सिरपुर तबादला, FIR दर्ज

महासमुंद जिले के सरायपाली विकासखंड के ग्राम पंचायत किसड़ी में स्वतंत्रता दिवस के ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान सरपंच नीलमणि रात्रे पर तुलसी जल छिड़कने और मंत्रोच्चार कर कथित रूप से शुद्धिकरण किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद प्रशासन ने पंचायत सचिव पृथ्वीराज भोई का किसड़ी से सिरपुर तबादला कर दिया है। पुलिस ने भी शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Aug 21, 2026 - 19:28
 0  3
तिरंगा फहराते वक्त सरपंच पर तुलसी जल छिड़कने का आरोप, सचिव का सिरपुर तबादला, FIR दर्ज

UNITED NEWS OF ASIA. शिखा दास, महासमुंद l सरायपाली विकासखंड के ग्राम पंचायत किसड़ी में स्वतंत्रता दिवस के ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान सरपंच के साथ कथित तौर पर भेदभावपूर्ण व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि 15 अगस्त को तिरंगा फहराने के दौरान ग्राम पंचायत किसड़ी के सचिव पृथ्वीराज भोई ने सरपंच नीलमणि रात्रे पर तुलसी जल छिड़का और मंत्रोच्चार कराया। सरपंच ने इसे अपमानजनक और जातिगत भेदभाव से जुड़ा कृत्य बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए पंचायत सचिव पृथ्वीराज भोई का किसड़ी से सिरपुर ग्राम पंचायत तबादला कर दिया है। वहीं पुलिस ने सरपंच की शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस मामले को लेकर UNA ने 18 अगस्त को भी खबर का प्रसारण और प्रकाशन किया था। खबर में स्वतंत्रता दिवस के ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान पंचायत सचिव द्वारा सरपंच पर तुलसी जल छिड़कने और मंत्रोच्चार कराए जाने के आरोपों को प्रमुखता से उठाया गया था। खबर सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने मामले में कार्रवाई की।

जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुपमा आनन्द के आदेश के तहत पंचायत सचिव पृथ्वीराज भोई का तबादला किसड़ी से सिरपुर ग्राम पंचायत कर दिया गया है। इसके साथ ही पुलिस कार्रवाई भी शुरू हो गई है।

सरपंच नीलमणि रात्रे ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम के दौरान उनके साथ अपमानजनक व्यवहार किया गया। उनका कहना है कि तिरंगा फहराने के समय उन पर तुलसी जल छिड़का गया और मंत्रोच्चार कराया गया। सरपंच ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

वहीं ग्रामीणों में भी इस घटना को लेकर नाराजगी बताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पूर्व समाज अध्यक्ष और पार्षद खीरचंद सहित अन्य ग्रामीणों ने भी घटना की निंदा करते हुए कार्रवाई की मांग की है।

सरपंच की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पंचायत सचिव के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है। प्रशासनिक स्तर पर भी मामले की जांच जारी है।

घटना के बाद ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के बीच भी चर्चा तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय पर्व पर सभी नागरिकों के साथ समान व्यवहार होना चाहिए और किसी भी तरह के भेदभाव या अपमान को स्वीकार नहीं किया जा सकता।

फिलहाल सचिव का तबादला किया जा चुका है और पुलिस जांच के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि इस तरह के भेदभावपूर्ण या अपमानजनक व्यवहार को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।