महर्षि वाल्मीकि पीजी कॉलेज में राष्ट्रीय एकता दिवस पर शपथ समारोह, लौह पुरुष सरदार पटेल को किया नमन
भानुप्रतापपुर के महर्षि वाल्मीकि पीजी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना एवं आईक्यूएसी के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय एकता दिवस पर शपथ समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. रश्मि सिंह ने सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान पर प्रकाश डालते हुए सभी को देश की एकता और अखंडता की शपथ दिलाई।
UNITED NEWS OF ASIA. श्रीदाम ढाली, भानुप्रतापपुर। शासकीय महर्षि वाल्मीकि स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं आईक्यूएसी के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय एकता दिवस शपथ समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में किया गया, जिनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और नेतृत्व ने भारत को एकसूत्र में बांधा।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रश्मि सिंह के करकमलों से हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों, स्वयंसेविकाओं और प्राध्यापकों को सरदार पटेल की जयंती की शुभकामनाएं दीं। अपने उद्बोधन में डॉ. सिंह ने कहा कि सरदार पटेल भारत के पहले गृह मंत्री थे जिन्होंने रियासतों के एकीकरण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का यह दायित्व है कि वह देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा की रक्षा में अपना योगदान दे।
डॉ. सिंह ने राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि सरदार पटेल का जीवन दृढ़ता, संकल्प और निष्ठा का प्रतीक है। कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य ने उपस्थित समस्त प्राध्यापकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक कमल किशोर प्रधान, आईक्यूएसी प्रभारी डॉ. नसीम अहमद मंसूरी, एनईपी संयोजक रितेश कुमार नाग, रेड क्रॉस प्रभारी सुषमा चालकी सहित सभी प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन एनएसएस सहायक कार्यक्रम अधिकारी योगेश यादव ने किया। यह आयोजन देश की एकता और अखंडता के प्रति समर्पण का संदेश देने में सफल रहा।