कोरबा के पासरखेत में 13 फीट का विशालकाय किंग कोबरा मिला, वन विभाग ने सुरक्षित किया रेस्क्यू

कोरबा जिले के पासरखेत गांव में 13 फीट लंबे किंग कोबरा के दिखने से दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग और नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी को सूचना दी। करीब डेढ़ घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन में टीम ने विषधर सांप को सुरक्षित पकड़कर थैले में डाला।

Oct 31, 2025 - 13:46
 0  6
कोरबा के पासरखेत में 13 फीट का विशालकाय किंग कोबरा मिला, वन विभाग ने सुरक्षित किया रेस्क्यू

UNITED NEWS OF ASIA. भूपेंद्र साहू, कोरबा। जिले के पासरखेत गांव में गुरुवार शाम करीब 4 बजे एक 13 फीट लंबे विशालकाय किंग कोबरा के दिखने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। अचानक इतने बड़े विषधर सांप को देखकर लोगों के होश उड़ गए और कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घटना की सूचना वन विभाग और नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी की टीम को दी। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब एक से डेढ़ घंटे तक चले इस रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान किंग कोबरा बार-बार फुफकार मारते हुए अपना रौद्र रूप दिखाता रहा। उसकी आक्रामक हरकतों से ग्रामीणों की सांसें थम गईं, लेकिन टीम ने पूरी सावधानी और धैर्य के साथ काम करते हुए अंततः सांप को सुरक्षित पकड़ लिया।

 

विशालकाय किंग कोबरा को सुरक्षित थैले में डालकर वन विभाग की निगरानी में जंगल के सुरक्षित क्षेत्र में छोड़ा गया। रेस्क्यू टीम ने ग्रामीणों से अपील की कि वे ऐसे खतरनाक वन्यजीवों से दूरी बनाए रखें और किसी भी स्थिति में उन्हें नुकसान पहुंचाने की कोशिश न करें।

साथ ही लोगों को यह भी बताया गया कि यदि किंग कोबरा या कोई अन्य सांप घरों या खेतों के आस-पास दिखाई दे तो तुरंत वन विभाग या टोल फ्री नंबर 8817534455 पर संपर्क करें।

इस सफल रेस्क्यू अभियान में नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी की टीम और वन विभाग के अधिकारियों ने मिलकर सराहनीय कार्य किया।