रायपुर में इको फ्रेंडली गणेशोत्सव को लेकर स्वच्छता जागरूकता अभियान, जोन 3 के पंडालों में दी गई जरूरी जानकारी
रायपुर नगर निगम जोन 3 के स्वास्थ्य विभाग ने गणेशोत्सव 2026 को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के साथ मनाने के लिए विभिन्न गणेश पंडालों में जनजागरूकता अभियान चलाया। गणेश उत्सव समितियों को सिंगल यूज प्लास्टिक से बचने, गीले-सूखे कचरे को अलग रखने, फूलों के लिए अलग डस्टबिन रखने और पंडाल परिसर में लगातार साफ-सफाई बनाए रखने की जानकारी दी गई।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l गणेशोत्सव 2026 को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ मनाने के उद्देश्य से रायपुर नगर पालिक निगम के जोन क्रमांक 3 के स्वास्थ्य विभाग द्वारा गणेश उत्सव पंडालों में स्वच्छता जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों से संपर्क कर उन्हें इको फ्रेंडली गणेशोत्सव मनाने और पंडाल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।
नगर निगम महापौर मीनल चौबे, स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री चंद्राकर और आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देशानुसार तथा अपर आयुक्त स्वास्थ्य विनोद पाण्डेय और उपायुक्त स्वास्थ्य जसदेव सिंह बाबरा के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया जा रहा है। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत गणेशोत्सव को समाजहित और पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से मनाने के लिए नगर निगम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।