रायपुर में रक्तदान महाकुंभ: 202 यूनिट रक्त संग्रहित, 25 छत्तीसगढ़ रत्न सम्मानित
रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन द्वारा आयोजित रक्तदान महाकुंभ में 202 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान 25 छत्तीसगढ़ रत्नों का सम्मान भी किया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l राजधानी रायपुर स्थित मेकाहारा अस्पताल में हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन द्वारा रक्तदान महाकुंभ एवं छत्तीसगढ़ रत्न सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मानव सेवा के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में 202 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। साथ ही समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 25 लोगों को "छत्तीसगढ़ रत्न" सम्मान से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक अनुज शर्मा, सांसद विजय बघेल, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, एआईजी संजय शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, पुलिस अधिकारी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। दीप प्रज्ज्वलन और राज्यगीत के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन के प्रमुख मार्गदर्शक सुनील रामदास अग्रवाल, प्रदेश संरक्षक मनोज गोयल, प्रदेश अध्यक्ष अंकित अग्रवाल, महिला विंग प्रदेश अध्यक्ष बबीता अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष ज्योति अग्रवाल, विन्नी सलूजा, सुनीता पांडे, उदित अग्रवाल और रजत अग्रवाल सहित संस्था के पदाधिकारी आयोजन में मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तोखन साहू ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य है। उन्होंने संस्था की पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में लगातार किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए सभी स्वयंसेवकों को बधाई दी।
गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि कोरोना काल जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में शुरू हुई यह संस्था आज पूरे प्रदेश में जरूरतमंदों की सेवा कर रही है। उन्होंने रक्तदान को जीवनदान बताते हुए संस्था की टीम के प्रयासों की प्रशंसा की।
सांसद विजय बघेल ने कहा कि हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यावरण के क्षेत्र में लगातार समाज की सेवा कर रहा है। विधायक अनुज शर्मा ने भी रक्तदान को महादान बताते हुए आयोजन को प्रेरणादायक बताया।
संस्था के अनुसार इस आयोजन की तैयारियां कई दिनों से की जा रही थीं। रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने स्वैच्छिक रक्तदान किया, जिससे अस्पतालों में जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम के अंत में संस्था के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों, रक्तदाताओं, चिकित्सकों, स्वयंसेवकों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। संस्था ने भविष्य में भी ऐसे सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को मानव सेवा के अभियान से जोड़ने का संकल्प दोहराया।