मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से भटगांव विधानसभा के 97 गांवों में होगा विद्युत विस्तार
भटगांव विधानसभा क्षेत्र के 97 गांवों में 11.62 करोड़ रुपये की लागत से विद्युत विस्तार कार्य को मंजूरी मिली है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत सूरजपुर जिले के दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों तक बिजली पहुंचाई जाएगी, जिससे हजारों ग्रामीण परिवारों को लाभ मिलेगा।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है। इसी क्रम में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से भटगांव विधानसभा क्षेत्र के 97 गांवों में विद्युत विस्तार कार्य को स्वीकृति मिली है। यह कार्य धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत लगभग 11.62 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा।
इस परियोजना के माध्यम से सूरजपुर जिले के दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों में रहने वाले हजारों ग्रामीण परिवारों तक बिजली की सुविधा पहुंचाई जाएगी। लंबे समय से बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित बस्तियों को इस योजना से सीधा लाभ मिलेगा, जिससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार आने की उम्मीद है।
स्वीकृत योजना के अनुसार विकासखंड भैयाथान के 36 गांवों के लगभग 109 मोहल्लों एवं पारों, ओड़गी विकासखंड के 32 गांवों के लगभग 68 मोहल्लों तथा सूरजपुर विकासखंड के 29 गांवों के लगभग 53 मोहल्लों में विद्युत विस्तार का कार्य किया जाएगा। इन क्षेत्रों में बिजली पहुंचने से शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, कृषि और स्वरोजगार जैसी गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा। साथ ही किसानों को कृषि कार्यों में सुविधा होगी और छोटे स्तर के रोजगार एवं स्वरोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होने के साथ जनजातीय क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं भी खुलेंगी।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य विकास की रोशनी को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस स्वीकृति से भटगांव विधानसभा क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि हर गांव और हर घर तक बिजली पहुंचाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने विश्वास जताया कि विद्युत विस्तार परियोजना पूरी होने के बाद दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को बेहतर जीवन सुविधाएं मिलेंगी और जनजातीय क्षेत्रों में विकास की गति तेज होगी। यह परियोजना ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ-साथ क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।