पत्रकारों को रामकृष्णा केयर हॉस्पिटल में मिलेगी विशेष स्वास्थ्य सुविधा, जांच शिविर की अवधि 30 जून तक बढ़ी
रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर के समापन समारोह में रामकृष्णा केयर हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक डॉ. संदीप दवे ने पत्रकारों और उनके परिजनों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। स्वास्थ्य जांच शिविर की अवधि 30 जून तक बढ़ा दी गई है, वहीं भविष्य में भी पत्रकारों को ओपीडी, दवाइयों और अस्पताल शुल्क में विशेष रियायतें मिलती रहेंगी।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह,रायपुर l रायपुर प्रेस क्लब में पत्रकारों और उनके परिजनों के लिए आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आभार एवं समापन समारोह रविवार को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के तत्वावधान में आयोजित इस विशेष स्वास्थ्य पहल का संचालन रामकृष्णा केयर हॉस्पिटल द्वारा किया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार, प्रेस क्लब के पदाधिकारी, चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रामकृष्णा केयर हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक डॉ. संदीप दवे शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता सतीश थोरानी ने की। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य शिविर के सफल आयोजन पर चर्चा की गई और पत्रकारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना की गई।
अपने संबोधन में डॉ. संदीप दवे ने पत्रकारों की भूमिका को समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि पत्रकार कठिन परिस्थितियों में कार्य करते हैं और जनहित से जुड़े मुद्दों को सामने लाने का महत्वपूर्ण दायित्व निभाते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा भी उतनी ही आवश्यक है।
उन्होंने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि पत्रकारों और उनके परिवारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर की अवधि अब 30 जून 2026 तक बढ़ा दी गई है। जिन पत्रकारों को पूर्व में स्वास्थ्य जांच के लिए कूपन जारी किए गए हैं, वे निर्धारित तिथि तक इनका उपयोग कर स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ उठा सकेंगे।
डॉ. दवे ने पत्रकार समुदाय के लिए एक और बड़ी राहत की घोषणा करते हुए कहा कि शिविर समाप्त होने के बाद भी रामकृष्णा केयर हॉस्पिटल में पत्रकारों और उनके परिजनों को विशेष स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके तहत पत्रकारों को नि:शुल्क ओपीडी सुविधा प्रदान की जाएगी। साथ ही दवाइयों की खरीद पर 10 प्रतिशत की छूट और अस्पताल के विभिन्न शुल्कों पर 30 प्रतिशत तक की विशेष रियायत दी जाएगी।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने इस पहल को पत्रकार कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती लागत के बीच यह सुविधा पत्रकारों और उनके परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। वक्ताओं ने यह भी कहा कि इस स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से सैकड़ों पत्रकार परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिला है।
समारोह के दौरान रायपुर प्रेस क्लब की ओर से रामकृष्णा केयर हॉस्पिटल प्रबंधन तथा कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों का सम्मान किया गया। स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में जसप्रीत सिंह सलूजा, राधा कृष्ण सुंदरानी, अमर गीदवानी, अनिल जोतसिंघानी, गौरव शर्मा भारतीय, दिलीप साहू, दिनेश यदु, निवेदिता साहू, भूपेश जांगड़े, प्रकाश शर्मा, प्रशांत शर्मा, संदीप पुराणिक, ताहिर हैदरी, प्रदीप दुबे, विजय शर्मा, विद्या भूषण सिन्हा, रमेश पांडेय, प्रत्यूष शर्मा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार और गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन पत्रकारों के बेहतर स्वास्थ्य और कल्याण के संकल्प के साथ हुआ।