रायपुर में ‘Nails By Sakina’ का शुभारंभ, विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने किया उद्घाटन
रायपुर के शंकर नगर में ‘Nails By Sakina’ शोरूम का शुभारंभ बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने फीता काटकर किया। उन्होंने संचालिका सकीना बानो को नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं देते हुए महिला आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने की बात कही।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l राजधानी रायपुर के शंकर नगर स्थित एसबीआई बैंक के समीप ‘Nails By Sakina’ शोरूम का भव्य शुभारंभ किया गया। उद्घाटन समारोह में बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने फीता काटकर शोरूम का उद्घाटन किया और इसके बाद पूरे प्रतिष्ठान का अवलोकन करते हुए संचालिका सकीना बानो को नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं।
उद्घाटन के दौरान डॉ. संपत अग्रवाल ने सकीना बानो का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज के समय में जब बेटियां अपने दम पर आगे बढ़ रही हैं और स्वरोजगार के माध्यम से अपनी पहचान बना रही हैं, तो यह पूरे समाज के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ किया गया कार्य निश्चित रूप से सफलता दिलाता है और ऐसे प्रयास अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक बनते हैं।
मीडिया से बातचीत के दौरान विधायक ने कहा कि बदलते दौर में नेल आर्ट और ब्यूटी इंडस्ट्री का दायरा तेजी से बढ़ रहा है। युवाओं में इसकी मांग लगातार बढ़ रही है और आधुनिक फैशन के अनुरूप ऐसे प्रतिष्ठान ग्राहकों की जरूरतों को बेहतर ढंग से पूरा कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह शोरूम रायपुर के युवाओं के लिए एक बेहतर विकल्प साबित होगा।
शोरूम की संचालिका सकीना बानो ने विधायक डॉ. संपत अग्रवाल की उपस्थिति के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके हाथों उद्घाटन होना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने बताया कि उन्होंने दिल्ली और रायपुर से नेल आर्ट एवं नेल एक्सटेंशन का प्रोफेशनल प्रशिक्षण प्राप्त किया है। उनका लक्ष्य आने वाले समय में नेल अकादमी की स्थापना विभिन्न शहरों में करना और अधिक से अधिक युवाओं, विशेषकर महिलाओं को इस क्षेत्र में प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
सकीना बानो ने बताया कि ‘Nails By Sakina’ में नेल आर्ट, नेल एक्सटेंशन और नेल केयर सेवाओं के साथ-साथ प्रीमियम फैशन एक्सेसरीज़ भी उपलब्ध हैं। शोरूम में विभिन्न कंपनियों के पर्स, मोबाइल पाउच, टेम्पल ज्वेलरी, ब्रेसलेट, क्लच बैग, की-रिंग, प्रीमियम घड़ियां, नेल एक्सेसरीज़ और नेल पॉलिश सहित अनेक उत्पाद ग्राहकों के लिए उपलब्ध कराए गए हैं।
उन्होंने कहा कि ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं, आधुनिक डिज़ाइन और संतोषजनक अनुभव उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी। उद्घाटन समारोह में पारिवारिक मित्र, पत्रकार, स्थानीय नागरिक और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। सभी ने सकीना बानो को नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके व्यवसाय की सफलता की कामना की।