जानकारी के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री केसरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में डोंगरगढ़ क्षेत्र में लगातार रात्रिकालीन गश्त और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस को सूचना मिली थी कि एक फार्म हाउस में कुछ युवक संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हैं।
सूचना मिलते ही थाना डोंगरगढ़ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और फार्म हाउस में दबिश दी। जांच के दौरान वहां मौजूद छह युवक हुक्का पीते पाए गए। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी युवकों को हिरासत में ले लिया।
पकड़े गए आरोपियों में विशाल यादव उम्र 25 वर्ष निवासी कोटा पारा, बाबू विश्वकर्मा उम्र 18 वर्ष निवासी डोंगरगढ़, भूपेंद्र नायक उम्र 23 वर्ष निवासी महावीर पारा, रोहन यादव उम्र 19 वर्ष निवासी डोंगरगढ़, दक्ष ठाकुर उम्र 20 वर्ष निवासी कुम्हार पारा तथा तारन निषाद उम्र 18 वर्ष निवासी खुटा पारा शामिल हैं।
पुलिस ने मौके से हुक्का सामग्री भी जब्त की है। पूछताछ के दौरान पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि फार्म हाउस में इस तरह की गतिविधियां कब से संचालित हो रही थीं और इसमें अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं। फिलहाल सभी युवकों के खिलाफ कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
डोंगरगढ़ पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों और निजी परिसरों में इस प्रकार की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस प्रशासन क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चला रहा है ताकि युवाओं को नशे और असामाजिक गतिविधियों से दूर रखा जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, नशाखोरी या अड्डेबाजी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में भी होटल, ढाबों, फार्म हाउस और सार्वजनिक स्थलों पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।
डोंगरगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है और कहा है कि इस तरह के अभियान से युवाओं में बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा का माहौल बना रहे।