प्राकृतिक खेती ही देश का भविष्य: छिंदवाड़ा में प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने किसानों को किया प्रोत्साहित
छिंदवाड़ा जिला विकास समिति की बैठक में मध्यप्रदेश शासन के पीडब्ल्यूडी मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने प्राकृतिक खेती को देश का भविष्य बताया। उन्होंने प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों की सराहना की और विषमुक्त कृषि उत्पादों को स्वस्थ जीवन का आधार बताया। बैठक में जैविक बाजार और किसानों को प्रोत्साहन देने पर भी चर्चा हुई।
UNITED NEWS OF ASIA. वीरेंद्र यादव, छिंदवाड़ा l मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में आयोजित जिला विकास समिति की बैठक में प्राकृतिक खेती और जैविक उत्पादों को लेकर सरकार की सकारात्मक सोच स्पष्ट रूप से देखने को मिली। बैठक में मध्यप्रदेश शासन के लोक निर्माण विभाग मंत्री एवं छिंदवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री माननीय श्री राकेश सिंह ने प्राकृतिक खेती को देश का भविष्य बताते हुए किसानों को इस दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
बैठक के दौरान प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और किसानों को जागरूक करने जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। प्रभारी मंत्री श्री राकेश सिंह ने जिले के उन किसानों की सराहना की जो रासायनिक खेती छोड़कर प्राकृतिक और विषमुक्त खेती को अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती और प्राकृतिक उत्पाद स्वस्थ जीवन का आधार हैं और आने वाले समय में यही खेती देश की सबसे बड़ी आवश्यकता बनने वाली है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि आज के समय में लोग स्वास्थ्य को लेकर पहले से अधिक जागरूक हो रहे हैं। ऐसे में विषमुक्त अन्न, फल और सब्जियों की मांग लगातार बढ़ रही है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे प्राकृतिक खेती को अपनाकर न केवल अपनी आय बढ़ाएं, बल्कि समाज को भी स्वस्थ जीवन देने में योगदान करें।
बैठक के दौरान जैविक कृषक राहुल कुमार वसूलें द्वारा मंत्री राकेश सिंह को प्राकृतिक खेती से उगाई गई विषमुक्त सब्जियों और फलों से सुसज्जित विशेष फ्रूट बास्केट भेंट की गई। इस बास्केट में भिंडी, गाजर, लौकी, पपीता, बैंगन, टमाटर, विभिन्न प्रकार की भाजियां तथा छिंदवाड़ा की विशेष पहचान “छिंद” भी शामिल था। मंत्री जी इस आत्मीय भेंट से काफी प्रसन्न नजर आए और उन्होंने किसानों के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर 13 दिसंबर से शुरू हुए साप्ताहिक जैविक बाजार के लिए भी प्रभारी मंत्री का आभार व्यक्त किया गया। बताया गया कि प्रत्येक शनिवार लगने वाले इस जैविक बाजार में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंच रहे हैं और किसानों से सीधे विषमुक्त सब्जियां और अनाज खरीद रहे हैं। इस पहल से किसानों और उपभोक्ताओं दोनों में उत्साह का वातावरण बना हुआ है।
बैठक में सांसद विवेक बंटी साहू, भाजपा जिला अध्यक्ष शेषराव यादव, महापौर विक्रम अहके, भारतीय किसान संघ के प्रांत मंत्री मेरसिंह चौधरी सहित कई विधायक, जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं कलेक्टर हीरेन नारायण, डीडीए कृषि जितेंद्र सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी बैठक में सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंत में यह संदेश दिया गया कि प्राकृतिक खेती केवल खेती का तरीका नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज और सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक मजबूत कदम है। सरकार और किसान मिलकर यदि इस दिशा में आगे बढ़ते हैं, तो आने वाले समय में देश को बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित खाद्य व्यवस्था मिल सकेगी।