भिलाई की बसाहट के नाम पर राजनीतिक नौटंकी बंद करें देवेंद्र यादव : भोजराज सिन्हा

भिलाई टाउन के लीजधारियों और लाइसेंसधारियों के अधिकारों को लेकर कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव के प्रदर्शन पर नगर निगम भिलाई के नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने निशाना साधा है। उन्होंने प्रदर्शन को राजनीतिक दिखावा बताते हुए कांग्रेस से पिछले कार्यकाल के दौरान किए गए प्रयासों का हिसाब मांगा। भोजराज सिन्हा ने कहा कि भिलाई की जनता भावनात्मक बयान नहीं, बल्कि अधिकारों की रक्षा और स्थायी समाधान चाहती है।

Aug 10, 2026 - 11:50
 0  3
भिलाई की बसाहट के नाम पर राजनीतिक नौटंकी बंद करें देवेंद्र यादव : भोजराज सिन्हा

UNITED NEWS OF ASIA. रोहिताश सिंह भुवाल, दुर्ग l भिलाई टाउन के लीजधारियों एवं लाइसेंसधारियों के अधिकारों और भविष्य को लेकर कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन पर नगर पालिक निगम भिलाई के नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने प्रदर्शन को राजनीतिक दिखावा बताते हुए कहा कि भिलाई की बसाहट के नाम पर राजनीतिक नौटंकी बंद होनी चाहिए।

भोजराज सिन्हा ने कहा कि दुर्ग सांसद विजय बघेल और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय पहले ही भिलाई टाउन के लीजधारियों एवं लाइसेंसधारियों को लेकर अपनी भूमिका स्पष्ट कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे में विधायक देवेंद्र यादव द्वारा BSP प्रबंधन का घेराव कर भिलाई की बसाहट को खत्म नहीं होने देने जैसे बयान देना राजनीतिक भ्रम पैदा करने का प्रयास है।

देवेंद्र यादव से भाजपा के पांच सवाल

भोजराज सिन्हा ने कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव से पांच सवाल पूछे। उन्होंने कहा कि देवेंद्र यादव लगातार दो बार भिलाई नगर के विधायक रहे हैं। ऐसे में उनके कार्यकाल के दौरान भिलाई टाउन के लीजधारियों एवं लाइसेंसधारियों के हित में कौन-सा ठोस निर्णय कराया गया।

उन्होंने पूछा कि जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी, तब BSP प्रबंधन के साथ कितनी संयुक्त बैठकें हुईं और उनका क्या परिणाम निकला। इसके अलावा कांग्रेस के नेतृत्व वाली महापौर परिषद के 15 वर्षों के कार्यकाल में इस विषय को लेकर कितनी बार प्रस्ताव लाया गया और भिलाई नगर निगम की सामान्य सभा में कांग्रेस ने इस संबंध में कौन-सा ठोस प्रस्ताव पारित कराया।

भोजराज सिन्हा ने यह भी सवाल उठाया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार के दौरान विधानसभा में भिलाई टाउन की समस्या को उठाकर भारत सरकार को कोई ठोस प्रस्ताव क्यों नहीं भेजा गया।

उन्होंने कांग्रेस से सवाल करते हुए कहा कि जब सत्ता कांग्रेस के पास थी, सरकार उसके साथ थी और विधानसभा में बहुमत भी था, तब भिलाई टाउन की बसाहट के लिए क्या प्रयास किए गए। उन्होंने कहा कि आज सत्ता से बाहर होने के बाद BSP का घेराव करके कांग्रेस किसे जवाब दे रही है, यह जनता के सामने स्पष्ट होना चाहिए।

भावनात्मक बयान नहीं, स्थायी समाधान चाहिए

भोजराज सिन्हा ने कहा कि भिलाई की जनता अब केवल भाषण और भावनात्मक बयान नहीं सुनना चाहती। जनता यह जानना चाहती है कि इस विषय पर किसने कब और क्या प्रयास किया। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मामले को राजनीतिक स्टंट नहीं, बल्कि भिलाई के हजारों परिवारों के भविष्य से जुड़ा विषय मानती है।

उन्होंने कहा कि दुर्ग सांसद विजय बघेल लगातार इस विषय को गंभीरता से उठा रहे हैं। वहीं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय का BSP से जुड़ा लंबा अनुभव रहा है, इसलिए वे समस्या की जमीनी वास्तविकताओं से परिचित हैं।

‘मेरी लाश निकल जाएगी’ जैसे बयान समाधान नहीं

भोजराज सिन्हा ने देवेंद्र यादव के कथित भावनात्मक बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान समस्या का समाधान नहीं हैं। भिलाई की जनता को भावनात्मक राजनीति के बजाय संवाद, ठोस प्रस्ताव, कानूनी प्रक्रिया और स्थायी समाधान चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस वास्तव में भिलाई की बसाहट और यहां के परिवारों के हितों को लेकर गंभीर है तो उसे अपने 15 वर्षों के नगर निगम शासन और पांच वर्षों की प्रदेश सरकार के कार्यकाल का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए।

भाजपा ने समाधान की दिशा में पहल का दिया भरोसा

भोजराज सिन्हा ने कहा कि भाजपा भिलाई टाउन के लीजधारियों एवं लाइसेंसधारियों के हितों की रक्षा के लिए हर लोकतांत्रिक और संवैधानिक मंच पर अपनी आवाज उठाएगी। उन्होंने BSP प्रबंधन, केंद्र सरकार और संबंधित सभी पक्षों के बीच सार्थक संवाद स्थापित कर स्थायी समाधान की दिशा में पहल किए जाने की मांग की।

उन्होंने कहा कि भिलाई की जनता को डराने की राजनीति नहीं, बल्कि अपने अधिकारों की रक्षा और समाधान की राजनीति चाहिए।