नशा मुक्त अभियान में बड़ी कार्रवाई, 6.847 किलो गांजा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
जिले में चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत चिखली चौकी पुलिस और साइबर सेल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 6.847 किलो गांजा और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
UNITED NEWS OF ASIA. नेमिश अग्रवाल, राजनांदगांव। जिले में चलाए जा रहे नशा मुक्त अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चौकी चिखली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 6.847 किलोग्राम अवैध गांजा और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में की गई। जिले को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली।
जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध व्यक्ति ग्राम भाठागांव से बोईरडीह की ओर मोटरसाइकिल से जा रहे हैं और उनके पास अवैध मादक पदार्थ हो सकता है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक काले-नीले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल को रोककर जांच की गई।
तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल की सीट के नीचे और आरोपियों के पास मौजूद थैले में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने कुल 6.847 किलो गांजा जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 68 हजार 470 रुपये बताई गई है। इसके साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 08 ए क्यू 6359 को भी जब्त कर लिया गया, जिसकी कीमत लगभग 30 हजार रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चेतन दास मानिकपुरी निवासी घोंघे डबरी थाना ढेलकाडीह और टैलेश चतुर्वेदी निवासी नयाढाबा वार्ड नंबर 04 थाना लालबाग राजनांदगांव के रूप में हुई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी चेतन दास मानिकपुरी के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। उस पर आबकारी एक्ट और अन्य धाराओं के तहत विभिन्न थानों में अपराध दर्ज हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 20(B) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी कैलाश चन्द्र मरई, शत्रुहन टंडन, विनोद वर्मा, अरुण कुमार नेताम, आदित्य सोलंकी, नागेश्वर साहू, गोपाल पैकरा, सुनील बैरागी चन्द्र, कपूर आयाम सहित चौकी चिखली स्टाफ और साइबर सेल प्रभारी विनय पम्मार व उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि यदि आसपास किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। अधिकारियों का कहना है कि समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है और ऐसे अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।