राहुल गांधी की ‘छात्रों की गूंज’ मुहिम को रायपुर में मिला समर्थन, छात्रों ने साझा की परीक्षाओं की परेशानियां
रायपुर में आयोजित संवाद कार्यक्रम में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों और नीट अभ्यर्थियों ने पेपर लीक, परीक्षा रद्द होने और री-एग्जाम जैसी समस्याओं को लेकर अपनी पीड़ा साझा की। कांग्रेस नेताओं ने छात्रों से सीधे संवाद कर उनके मुद्दों को सुना।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की पहल ‘छात्रों की गूंज’ अभियान को रायपुर में व्यापक समर्थन मिला। प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक, परीक्षा रद्द होने और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर रायपुर के पुजारी पार्क में विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर छात्रों ने खुलकर अपनी समस्याएं और अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी के जन्मदिवस के अवसर पर केक काटकर शुभकामनाएं भी दी गईं। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, प्रदेश कांग्रेस की सह प्रभारी जारिता लैफ्तलांग, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों और नीट अभ्यर्थियों से सीधे संवाद किया।
संवाद के दौरान छात्रों ने बताया कि बार-बार पेपर लीक होने, परीक्षाओं के निरस्त होने और दोबारा परीक्षा आयोजित किए जाने से उन्हें मानसिक, आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। छात्रों ने कहा कि री-एग्जाम की स्थिति में परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ जाता है और भविष्य को लेकर असमंजस की स्थिति बन जाती है।
नीट परीक्षा से जुड़े कुछ छात्रों ने बताया कि कठिन मेहनत और लंबे समय तक की गई तैयारी के बावजूद परीक्षा प्रणाली की खामियों का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि प्रतिभाशाली छात्रों का विश्वास लगातार कमजोर हो रहा है। कई छात्रों ने राहुल गांधी से मुलाकात कर अपने मुद्दों को सीधे रखने की इच्छा भी व्यक्त की।
कार्यक्रम में कोटा में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ रैली के प्रमुख अंशों को प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। इसमें राहुल गांधी द्वारा युवाओं, शिक्षा व्यवस्था, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर रखे गए विचारों और आंकड़ों को उपस्थित लोगों ने देखा। छात्रों ने कहा कि युवाओं की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया जाना आवश्यक है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के साथ कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान छात्रों ने निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली, पेपर लीक पर कठोर कार्रवाई और समयबद्ध भर्ती प्रक्रियाओं की मांग उठाई। उपस्थित युवाओं ने कहा कि शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से काम करने की आवश्यकता है ताकि लाखों छात्रों का भविष्य सुरक्षित रह सके।
कार्यक्रम में राजेंद्र पप्पू बंजारे, मनोज कंदोई, एजाज ढेबर, देवेंद्र यादव, ओम श्रीवास, राजेश चौबे, नरेश गड़पाल, सुनील कुकरेजा, जसबीर ढिल्लों, अनीस मनोहर, अनिल रायचूरा, सुरेश मसीह और पूनम यादव सहित अनेक कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।