खड़ौदाकला के सुशासन तिहार शिविर में पहुंचे विजय शर्मा, ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर हुआ निराकरण
खड़ौदाकला में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और कई आवेदनों का मौके पर निराकरण किया। शिविर में बी-1, खसरा और ऋण पुस्तिका जैसे दस्तावेज निःशुल्क वितरित किए गए। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना, जल प्रदाय योजना, सिंचाई परियोजनाओं और ग्रामीण विकास कार्यों की जानकारी भी दी गई।
UNITED NEWS OF ASIA. खड़ौदाकला में आयोजित सुशासन तिहार जनसमस्या निवारण शिविर में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं और कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और हितग्राहियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की सेवा करना सरकार और प्रशासन का सबसे बड़ा दायित्व है तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही सुशासन का मूल उद्देश्य है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों और शिकायतों का संवेदनशीलता और तय समय सीमा के भीतर निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों और ग्रामीणों के छोटे-छोटे कार्यों को भी गंभीरता से लिया जाना चाहिए और राजस्व से जुड़े मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाना चाहिए।
शिविर में ग्रामीणों को बी-1, खसरा और ऋण पुस्तिका जैसे आवश्यक दस्तावेज निःशुल्क उपलब्ध कराए गए। उप मुख्यमंत्री ने ग्राम सचिवों को निर्देशित किया कि पंचायतों में इसकी जानकारी मुनादी के माध्यम से दी जाए ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी देते हुए विजय शर्मा ने बताया कि सरकार गठन के बाद पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख परिवारों के लिए आवास स्वीकृत किए गए थे। उन्होंने कहा कि खड़ौदाकला क्षेत्र की 26 ग्राम पंचायतों के चार हजार से अधिक हितग्राहियों को आवास की स्वीकृति दी गई है। उन्होंने आवास निर्माण में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर देते हुए किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीण विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के माध्यम से महिलाएं, बुजुर्ग और ग्रामीण अब गांव में ही विभिन्न योजनाओं की राशि निकाल पा रहे हैं। महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को अब तक 27 किस्तों में 27 हजार रुपये की राशि प्रदान की जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि गांवों के स्कूलों में स्मार्ट क्लास शुरू की गई हैं, जहां बच्चों को डिजिटल माध्यम और 3डी एनीमेशन के जरिए पढ़ाई कराई जा रही है। दिव्यांगजनों को स्कूटी वितरण, महिलाओं के लिए महतारी सदन और युवाओं के लिए मिनी स्टेडियम निर्माण जैसी योजनाएं भी तेजी से संचालित की जा रही हैं।
किसानों के हित में चल रही सिंचाई परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए विजय शर्मा ने बताया कि 8.10 करोड़ रुपये की लागत से छीरपानी जलाशय से जुड़ी राम्हेपुर वितरक नहर और माइनर नहरों के सीसी लाइनिंग कार्य शुरू किए गए हैं। इससे 1540 एकड़ क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी और छह गांवों के किसान लाभान्वित होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा छिरपानी नहर विस्तार के लिए 50 करोड़ रुपये की घोषणा की गई है।
कार्यक्रम में कुसुमघटा-बैजलपुर-राजानवांगांव समूह जल प्रदाय योजना की भी जानकारी दी गई। लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत वाली इस योजना से 66 गांवों तक पेयजल सुविधा पहुंचाई जाएगी।
शिविर के दौरान उप मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित अन्नप्राशन कार्यक्रम में शामिल होकर उन्होंने बच्चों को अन्नप्राशन कराया और उनके स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।