धमतरी में पुलिस-मीडिया संवाद, एसपी भावना पांडेय ने कानून व्यवस्था मजबूत करने मांगे सुझाव

धमतरी पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने जिले के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया प्रतिनिधियों के साथ संवादात्मक बैठक कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा से जुड़े विषयों पर चर्चा की। बैठक में नशा, सट्टा, चाकूबाजी, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई, पैदल पेट्रोलिंग और पुलिस-मीडिया समन्वय को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।

Jul 15, 2026 - 11:03
 0  5
धमतरी में पुलिस-मीडिया संवाद, एसपी भावना पांडेय ने कानून व्यवस्था मजबूत करने मांगे सुझाव

UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी l धमतरी में पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने जिले के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया प्रतिनिधियों के साथ संवादात्मक बैठक आयोजित की। बैठक में अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, जनसुरक्षा और बेसिक पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मीडिया प्रतिनिधियों से जिले में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए सुझाव आमंत्रित किए। मीडिया प्रतिनिधियों ने युवा वर्ग में बढ़ते सट्टे और नशे की प्रवृत्ति, चाकूबाजी की घटनाओं, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई, ई-रिक्शा के कारण लगने वाले यातायात जाम और संवेदनशील क्षेत्रों में नई पुलिस चौकियों की आवश्यकता जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए।

भावना पांडेय ने कहा कि धमतरी पुलिस जिले में नशा, सट्टा, अवैध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में इन गतिविधियों पर और अधिक प्रभावी तथा कठोर कार्रवाई की जाएगी ताकि जिले में कानून-व्यवस्था और मजबूत हो तथा आम नागरिक सुरक्षित वातावरण में जीवनयापन कर सकें।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों को शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पैदल पेट्रोलिंग तथा विजिबल पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि पुलिस की नियमित और सक्रिय उपस्थिति से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होगा और आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास भी बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस की मौजूदगी जितनी अधिक दिखाई देगी, अपराधियों में उतना ही भय उत्पन्न होगा।

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिस और मीडिया के संबंधों को जनविश्वास की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि मीडिया समाज और प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी है। सकारात्मक कार्यों को जनता तक पहुंचाने के साथ यदि कहीं कोई कमी या शिकायत सामने आती है तो उसे निष्पक्ष रूप से पुलिस के संज्ञान में लाना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े हर सुझाव पर गंभीरता से विचार करते हुए त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई। मीडिया प्रतिनिधियों ने खुले संवाद की पहल और सुझाव आधारित कार्यशैली की सराहना करते हुए भविष्य में भी पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की। बैठक में जिले के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया तथा कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा को लेकर अपने महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।