प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नवा रायपुर में रोड शो, राजधानीवासियों ने उत्साह से किया स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रायपुर प्रवास के दौरान नवा रायपुर में रोड शो किया। एयरपोर्ट से ब्रम्हकुमारी के शांति शिखर भवन तक सड़कों पर हजारों लोगों ने प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने “दिल की बात” कार्यक्रम में हिस्सा लिया और ब्रम्हकुमारी भवन का लोकार्पण किया।
UNITED NEWS OF ASIA. रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रायपुर आगमन पर राजधानीवासियों ने उनका भव्य स्वागत किया। प्रधानमंत्री मोदी ने नवा रायपुर में रोड शो किया, जिसमें हजारों नागरिक सड़कों पर उतर आए और प्रधानमंत्री की एक झलक पाने को उत्साहित दिखे।
एयरपोर्ट से लेकर ब्रम्हकुमारी के शांति शिखर भवन तक का पूरा मार्ग जनसमूह से भरा रहा। लोग हाथों में राष्ट्रीय ध्वज, बैनर और पोस्टर लेकर प्रधानमंत्री का स्वागत कर रहे थे। “मोदी-मोदी” के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।
एयरपोर्ट पर उतरने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सबसे पहले श्री सत्य साईं संजीवनी चाइल्ड हार्ट हॉस्पिटल पहुंचकर “दिल की बात” कार्यक्रम में हिस्सा लिया। यहां उन्होंने हृदय रोग का सफल ऑपरेशन करा चुके लगभग 2,500 बच्चों और उनके परिवारों से संवाद किया। प्रधानमंत्री ने बच्चों के साहस की सराहना करते हुए डॉक्टरों और संस्थान की टीम को भी बधाई दी।
इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने ब्रम्हकुमारी संगठन के शांति शिखर भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की मिट्टी में सेवा, संस्कृति और संवेदना की गहराई है। उन्होंने राज्यवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि भारत के विकास में छत्तीसगढ़ की भूमिका आने वाले वर्षों में और मजबूत होगी।
प्रधानमंत्री मोदी का यह रोड शो रायपुर के लिए ऐतिहासिक रहा, जिसने राज्योत्सव के उत्सव में उत्साह और ऊर्जा का नया संचार किया।