छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2025 : पांच दिवसीय महोत्सव में बॉलीवुड और छत्तीसगढ़ी कलाकारों की धूम, जिलों में भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की गूंज

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2025 का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों 1 नवंबर को होगा। 1 से 5 नवंबर तक नवा रायपुर में बॉलीवुड और छत्तीसगढ़ी कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। कैलाश खेर, आदित्य नारायण, भूमि त्रिवेदी और अंकित तिवारी जैसे कलाकार मंच सजाएंगे, जबकि सभी जिलों में लोकनृत्य, प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

Nov 1, 2025 - 15:47
 0  16
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2025 : पांच दिवसीय महोत्सव में बॉलीवुड और छत्तीसगढ़ी कलाकारों की धूम, जिलों में भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की गूंज

UNITED NEWS OF ASIA. रायपुर । छत्तीसगढ़ आज अपनी स्थापना के 25 गौरवशाली वर्ष पूरे कर रहा है। इस अवसर पर नवा रायपुर में राज्योत्सव 2025 का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करकमलों से होगा। यह पांच दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव 1 से 5 नवंबर तक चलेगा, जिसमें बॉलीवुड और छत्तीसगढ़ी कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियां होंगी।

राज्योत्सव के मुख्य मंच पर प्रतिदिन शाम 4 बजे से सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की शुरुआत होगी। उद्घाटन दिवस पर छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध गायिका ऐश्वर्या पंडित, पीसी लाल यादव, आरू साहू, और रात 8 बजे लोकप्रिय गायक हंशराज रघुवंशी प्रस्तुति देंगे।
2 नवंबर को आदित्य नारायण, 3 नवंबर को भूमि त्रिवेदी, 4 नवंबर को अंकित तिवारी, और 5 नवंबर को कैलाश खेर अपनी शानदार प्रस्तुतियों से राज्योत्सव को संगीतमय बनाएंगे।

मुख्यमंच के अलावा शिल्पग्राम मंच पर प्रतिदिन पारंपरिक नृत्य, पंडवानी, कत्थक, लोकगीत और शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुतियां होंगी। प्रदेश के कलाकारों के साथ देशभर के लोकसंस्कृति समूह अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।

राज्य स्थापना दिवस पर प्रदेश के सभी जिलों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, हस्तशिल्प प्रदर्शनी, लोकनृत्य, झांकियां और योजनाओं के स्टॉल लगाए जाएंगे।
राज्य शासन द्वारा विभिन्न जिलों में मंत्रियों, सांसदों और विधायकों को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।

राज्योत्सव 2025 केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ की आत्मा, परंपरा और विकास यात्रा का उत्सव है, जो जनभागीदारी और गौरव के साथ मनाया जाएगा।