प्रधानमंत्री आवास योजना से बलिराम पटेल का सपना हुआ साकार, मिला पक्का आशियाना

कबीरधाम जिले के ग्राम भगुटोला निवासी बलिराम पटेल को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पक्का घर मिला है। अब सुरक्षित आवास के साथ उन्होंने घर में दुकान बनाकर अतिरिक्त रोजगार शुरू करने की तैयारी भी कर ली है।

Aug 4, 2026 - 17:59
 0  2
प्रधानमंत्री आवास योजना से बलिराम पटेल का सपना हुआ साकार, मिला पक्का आशियाना

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने कबीरधाम जिले के ग्राम भगुटोला निवासी बलिराम पटेल के जीवन में नया बदलाव लाया है। वर्षों तक कच्चे मकान में कठिन परिस्थितियों के बीच जीवन बिताने वाले बलिराम पटेल का पक्के घर का सपना अब साकार हो गया है। योजना के तहत मिली आर्थिक सहायता से उनका परिवार अब सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण में रह रहा है।

बलिराम पटेल का परिवार लंबे समय से सीमित संसाधनों में जीवनयापन कर रहा था। स्वयं की पर्याप्त कृषि भूमि नहीं होने के कारण वे बटाई पर खेती कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिवार में पत्नी कमलौतीं बाई पटेल, दो पुत्र और एक पुत्री हैं। बरसात के दिनों में टपकती छत, सीलन भरी दीवारें और कच्चे मकान की अन्य परेशानियां उनके लिए रोजमर्रा की चुनौती थीं।

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास स्वीकृत होने के बाद शासन से प्राप्त आर्थिक सहायता और परिवार की मेहनत से उनका पक्का मकान तैयार हुआ। नए घर ने न केवल उनके परिवार को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराया, बल्कि आत्मसम्मान और बेहतर भविष्य की नई उम्मीद भी दी।

बलिराम पटेल ने अपने नए मकान को केवल रहने तक सीमित नहीं रखा। उन्होंने घर में एक शटरयुक्त दुकान भी बनवाई है, जहां जल्द ही किराना दुकान शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं। उनका मानना है कि खेती के साथ यह दुकान अतिरिक्त आय का स्रोत बनेगी और परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करेगी। इससे बच्चों की शिक्षा और भविष्य की जरूरतों को पूरा करने में भी मदद मिलेगी।

बलिराम पटेल ने बताया कि पहले उन्हें लगता था कि जीवनभर कच्चे घर में ही रहना पड़ेगा, लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनका वर्षों पुराना सपना पूरा कर दिया। अब उनका परिवार सुरक्षित वातावरण में रह रहा है और स्वरोजगार की दिशा में भी कदम बढ़ा रहा है।

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर ग्रामीण परिवारों को सुरक्षित और पक्का आवास उपलब्ध कराना है। इस योजना के माध्यम से हजारों परिवारों को बेहतर जीवन, सामाजिक सम्मान और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है। बलिराम पटेल की कहानी भी इस बात का उदाहरण है कि सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन ग्रामीण परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकता है।