नगरी आंगनबाड़ी केंद्र में मनाया गया वजन त्यौहार, बच्चों के स्वास्थ्य की हुई जांच

नगर पंचायत नगरी के वार्ड क्रमांक 5 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में वजन त्यौहार आयोजित कर 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण और पोषण जागरूकता कार्यक्रम किया गया।

Feb 11, 2026 - 20:26
 0  2
नगरी आंगनबाड़ी केंद्र में मनाया गया वजन त्यौहार, बच्चों के स्वास्थ्य की हुई जांच

UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, नगरी। नगर पंचायत नगरी के दीनदयाल उपाध्याय वार्ड क्रमांक 5 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 2 में शासन के निर्देशानुसार वजन त्यौहार का आयोजन किया गया। इस दौरान 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों का वजन, ऊँचाई एवं लंबाई मापी गई तथा एनीमिया और कुपोषण से संबंधित लक्षणों की जांच की गई।

वजन त्यौहार का उद्देश्य बच्चों और माताओं को पोषण के प्रति जागरूक करना है। यह कार्यक्रम वर्ष में एक बार प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित किया जाता है, जिससे बच्चों के शारीरिक विकास की निगरानी के साथ स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान की जा सके।

कार्यक्रम में नगर पंचायत नगरी के अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, वार्ड पार्षद एवं सभापति विनीता कोठारी, वार्ड क्रमांक 2 के पार्षद देवचरण ध्रुव तथा वार्ड क्रमांक 11 के पार्षद एवं सभापति अश्विनी निषाद सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने माताओं और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के नेतृत्व में राज्य सरकार आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से पोषण एवं स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से कुपोषण और अन्य बीमारियों की पहचान कर उनसे बचाव के उपायों की जानकारी मिलती है।

उन्होंने माताओं से बच्चों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार देने तथा गर्भवती महिलाओं को अपने खान-पान का विशेष ध्यान रखने की अपील की। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में उपलब्ध पोषण सामग्री का नियमित उपयोग करने और बच्चों को समय-समय पर स्वास्थ्य जांच के लिए केंद्र लाने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कुमकुम सोनी, माहेश्वरी यादव, अंबिका मरकाम, सीता साहू, गोदावरी सेन एवं आंगनबाड़ी सहायिकाएं उपस्थित रहीं।