मेधावी बेटियों ने बढ़ाया धमतरी का मान, कलेक्टर ने किया सम्मान
धमतरी में राज्य स्तरीय “मेधावी बेटियां सम्मान कार्यक्रम” के तहत कलेक्टर ने कक्षा 10वीं और 12वीं की टॉपर छात्राओं को सम्मानित किया।
UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी | धमतरी जिले में रजत जयंती वर्ष 2025 के उपलक्ष्य में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय “मेधावी बेटियां सम्मान कार्यक्रम” के अंतर्गत कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शासकीय विद्यालयों की मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 की कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षाओं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली प्रथम तीन-तीन छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र एवं प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया।
कलेक्टर मिश्रा ने छात्राओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि शासकीय विद्यालयों की बेटियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह सफलता छात्राओं के निरंतर परिश्रम, अभिभावकों के सहयोग और शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा में निवेश समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। जिला प्रशासन शिक्षा की गुणवत्ता, समान अवसर और बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में कक्षा 10वीं की छात्रा मोक्षिका साहू (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पचपेड़ी) ने 97.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। भूमिका साहू (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिलौटी) ने 97.00 प्रतिशत तथा नैना कोसले (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भांठापारा) ने 96.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इसी प्रकार कक्षा 12वीं में हेमीन (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कन्या कुरूद) ने 93.40 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। लीन साहू (स्वामी आत्मानंद इंग्लिश स्कूल कुरूद) ने 92.60 प्रतिशत तथा मुश्कान (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कन्या कुरूद) ने 91.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया।
कलेक्टर मिश्रा ने छात्राओं को लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन और सतत अध्ययन पर विशेष ध्यान देने की सलाह देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गजेन्द्र ठाकुर, अपर कलेक्टर इंदिरा देवहारी, डिप्टी कलेक्टर कल्पना ध्रुव, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती जगरानी एक्का तथा जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल सहित विभागीय अधिकारी, शिक्षकगण एवं अभिभावक उपस्थित रहे।