जानकारी के अनुसार रेलवे कॉलोनी निवासी गुरु दत्ता के गैराज से कॉपर वायर चोरी होने की शिकायत पर सिटी कोतवाली मनेंद्रगढ़ में अपराध दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पूर्व में दो आरोपियों राकेश यादव, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम सेंधा और अंशु देवांगन, निवासी वार्ड नंबर 7, ग्राम सेंधा, चौकी नागपुर को गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपियों के कब्जे से करीब 10 किलो कॉपर वायर और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई थी। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई थी।
मामले में कुछ अन्य आरोपी फरार थे। पुलिस अधीक्षक एमसीबी रत्ना सिंह के निर्देश पर चोरी के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी कोतवाली के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा प्रकरण की विवेचना के साथ फरार आरोपियों की लगातार पतासाजी की जा रही थी।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चोरी के मामले में शामिल दीपक सिंह, उम्र 23 वर्ष, निवासी शारदा मंदिर के पास, वार्ड नंबर 14, मनेंद्रगढ़ को पकड़ा। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 3 किलो तांबे का वायर बरामद कर जब्त किया। इसके बाद आरोपी दीपक सिंह को प्रकरण में विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पूरी कार्रवाई में निरीक्षक विवेक पाटले, हेड कांस्टेबल राकेश शर्मा, कांस्टेबल प्रदीप एक्का, साइबर सेल से आरक्षक प्रमोद यादव और होमगार्ड विनीत सोनी की भूमिका रही।
मनेंद्रगढ़ पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि चोरी की घटना होने पर तत्काल पुलिस में एफआईआर दर्ज कराएं। इसके साथ ही आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई देने पर इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने कहा कि चोरी के मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।