मनेंद्रगढ़ 220 बिस्तर अस्पताल में मरीजों को राहत, शेड और आरओ वाटर की सुविधा शुरू
मनेंद्रगढ़ के 220 बिस्तर सिविल अस्पताल में मरीजों और परिजनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए शेड निर्माण और आरओ वाटर सिस्टम की सुविधा शुरू की गई है। जीवनदीप की बैठक में उठे मुद्दे के बाद स्थानीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री के निर्देश पर अस्पताल प्रबंधन ने यह पहल की।
UNITED NEWS OF ASIA. जमील अंसारी, मनेंद्रगढ़। 220 बिस्तर सिविल अस्पताल में उपचार और जांच के लिए पहुंचने वाले मरीजों तथा उनके परिजनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अस्पताल परिसर में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया गया है। मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल के सामने परिसर में शेड का निर्माण कराया गया है। इसके साथ ही मरीजों और उनके परिजनों के लिए स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आरओ वाटर सिस्टम भी स्थापित किया गया है। अस्पताल प्रबंधन की इस पहल से उपचार के लिए आने वाले लोगों को प्रतीक्षा के दौरान राहत मिलने की उम्मीद है। मनेंद्रगढ़ का 220 बिस्तर सिविल अस्पताल क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र है और यहां आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। हाल के समय में मरीजों की संख्या बढ़ने के कारण अस्पताल परिसर में लोगों की आवाजाही भी बढ़ी है। ऐसे में मरीजों और उनके साथ आने वाले परिजनों को कई बार अपनी बारी का इंतजार खुले स्थान में करना पड़ता था। गर्मी के मौसम में धूप और बारिश के दौरान यह परेशानी और बढ़ जाती थी। अस्पताल परिसर में शेड का निर्माण होने से अब मरीजों और उनके परिजनों को प्रतीक्षा के दौरान मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों से काफी हद तक राहत मिल सकेगी।