महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता, शातिर चोर गिरफ्तार, 32 लाख से अधिक की संपत्ति बरामद
महासमुंद पुलिस ने कई चोरी की घटनाओं में शामिल एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण सहित 32 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति बरामद की है। आरोपी घर निर्माण कार्य वाले मकानों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।
UNITED NEWS OF ASIA. जगदीश पटेल, सरायपाली l महासमुंद पुलिस को लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण सहित 32 लाख 38 हजार 900 रुपये की संपत्ति बरामद की है। आरोपी कई थाना क्षेत्रों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है और उसके खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंचराम उर्फ पंचु निषाद निवासी चंदली थाना चंद्रपुर जिला सक्ती के रूप में हुई है। आरोपी बेहद शातिर तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। वह उन घरों को निशाना बनाता था, जहां निर्माण कार्य चल रहा हो और घर के बाहर ईंट, गिट्टी तथा निर्माण सामग्री रखी हो। आरोपी सूने मकानों में चोरी नहीं करता था, बल्कि ऐसे घरों को चुनता था जहां छोटे बच्चे या बुजुर्ग मौजूद हों।
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी घरों में कम कीमत में छड़ और सीमेंट देने का लालच देकर प्रवेश करता था और मौका मिलते ही अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो जाता था। आरोपी चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद जिले से बाहर भाग जाता था, जिससे पुलिस को उसे पकड़ने में काफी परेशानी हो रही थी।
मामले का खुलासा तब हुआ जब बगारपाली निवासी ओमप्रकाश ठाकुर ने थाना तेंदूकोना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 27 अप्रैल 2026 को सुबह एक अज्ञात व्यक्ति उनके घर आया और छड़ का पैसा मांगने लगा। इसी दौरान आरोपी ने अलमारी की चाबी ढूंढकर उसमें रखे करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।
लगातार एक जैसी चोरी की घटनाएं सामने आने के बाद महासमुंद पुलिस ने विशेष टीम गठित की। तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने आरोपी को पकड़ा। पूछताछ में उसने महासमुंद जिले के कोमाखान, सांकरा, तेंदूकोना, सरायपाली, पिथौरा और बुंदेली क्षेत्रों सहित कई स्थानों पर चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर अलग-अलग ज्वेलरी दुकानों से चोरी के आभूषण बरामद किए। जीएस ज्वेलर्स पिथौरा और कैलाश ज्वेलर्स भंवरपुर से चोरी का सामान जब्त किया गया है, जबकि अन्य दुकानों से भी बरामदगी की कार्रवाई जारी है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 163.310 ग्राम सोने के आभूषण, जिनकी कीमत 25 लाख 52 हजार 200 रुपये है, तथा 2 किलो 585.94 ग्राम चांदी के आभूषण, जिनकी कीमत 6 लाख 41 हजार 700 रुपये है, बरामद किए हैं। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से दुर्ग, धमतरी और जांजगीर-चांपा जिलों के विभिन्न थानों में चोरी के 13 मामले दर्ज हैं। वह पूर्व में जेल से इलाज के बहाने फरार हो चुका था और पंजाब भाग गया था। बाद में वापस लौटकर महासमुंद जिले में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।
महासमुंद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।