सुशासन तिहार के समाधान शिविर में विधायक भावना बोहरा ने सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
पंडरिया नगर में आयोजित सुशासन तिहार समाधान शिविर में विधायक भावना बोहरा ने आमजन से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। शिविर में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरण भी किया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा/पंडरिया। प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत पंडरिया नगर में समाधान शिविर का आयोजन किया गया, जहां विधायक भावना बोहरा ने आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को प्रमाण पत्र और योजनाओं का लाभ भी वितरित किया गया।
राज्य सरकार द्वारा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में 1 मई से 30 जून तक सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान, योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और शासन-प्रशासन को सीधे आमजन से जोड़ना है। इसी कड़ी में आयोजित समाधान शिविर में विधायक भावना बोहरा ने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया तथा हितग्राहियों से बातचीत कर योजनाओं के प्रभाव के बारे में जानकारी ली।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भावना बोहरा ने कहा कि छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार सुशासन, सेवा और विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता के प्रति जवाबदेही और सेवा भावना का प्रतीक है। शासन अब सीधे जनता के द्वार पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहा है और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य कर रही है। समाधान शिविर प्रशासन और जनता के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। इससे लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान हो रहा है और विकास कार्यों में भी तेजी आई है।
भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा में डबल इंजन सरकार के माध्यम से विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली, आवास और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में बड़े स्तर पर कार्य हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में 1000 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा 35 हजार प्रधानमंत्री आवास, महतारी वंदन योजना के तहत 1 लाख 25 हजार से अधिक महिलाओं को आर्थिक सहायता, 500 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण तथा 300 करोड़ रुपये से अधिक की सिंचाई परियोजनाएं क्षेत्र को मिली हैं।
उन्होंने वनांचल क्षेत्रों में हो रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में 3500 से अधिक पक्के आवास स्वीकृत किए गए हैं तथा 100 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही दूरस्थ गांवों में बिजली और नल से जल की सुविधा भी सुनिश्चित की गई है।
विधायक भावना बोहरा ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि लोगों का शासन-प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो सके।
समाधान शिविर में नगर पालिका पंडरिया की अध्यक्ष मंजुला देवी कुर्रे, उपाध्यक्ष सुमित तिवारी, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठजन, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।