अग्र महाकुंभ 2026 का भव्य समापन, प्रदेश की 18 प्रतिभाओं को मिला अग्र अलंकरण सम्मान

अंबिकापुर में आयोजित दो दिवसीय अग्र महाकुंभ 2026 का रविवार को समापन हुआ। दूसरे दिन सामाजिक चिंतन, स्वास्थ्य जागरूकता, पारिवारिक संस्कार और संगठनात्मक विमर्श के साथ छत्तीसगढ़ स्तरीय दशम अग्र अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। शिक्षा, समाजसेवा, चिकित्सा, खेल, कला, व्यवसाय, महिला सशक्तिकरण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 18 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। इसके अलावा तीन विशिष्ट सम्मान भी प्रदान किए गए।

Sep 21, 2026 - 18:09
 0  2
अग्र महाकुंभ 2026 का भव्य समापन, प्रदेश की 18 प्रतिभाओं को मिला अग्र अलंकरण सम्मान

UNITED NEWS OF ASIA. अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन द्वारा श्री अग्रवाल सभा अंबिकापुर और सरगुजा संभागीय अग्रवाल महासभा के आतिथ्य में आयोजित दो दिवसीय अग्र महाकुंभ 2026 का रविवार को समापन हुआ। “सेवा, शक्ति और सामर्थ्य का संगम” थीम पर आयोजित इस महाकुंभ के दूसरे दिन सामाजिक चिंतन, संगठनात्मक विमर्श, स्वास्थ्य जागरूकता, पारिवारिक संस्कार और प्रतिभा सम्मान से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान छत्तीसगढ़ स्तरीय दशम अग्र अलंकरण समारोह 2026 प्रमुख आकर्षण रहा, जिसमें अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली 18 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

समारोह में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज, छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय संरक्षक सियाराम अग्रवाल, राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल, राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक बूवानीवाला और छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल सहित विभिन्न पदाधिकारी, समाजसेवी और गणमान्यजन मौजूद रहे।

दूसरे दिन विशेष खुले सत्र में अग्रवाल समाज की वर्तमान भूमिका, संगठन की दिशा, सामाजिक सरोकार, नई पीढ़ी की भागीदारी और भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने सामाजिक गतिविधियों को व्यापक स्तर तक पहुंचाने और युवाओं को संगठन से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया। इसके बाद आयोजित डॉक्टर टॉक शो में बाल स्वास्थ्य, वैक्सीनेशन, डायबिटीज, थायराइड, मोटापा, रक्त संबंधी समस्याओं, आईवीएफ और कैंसर की समय पर पहचान जैसे विषयों पर विशेषज्ञ चिकित्सकों ने जानकारी साझा की।

दशम अग्र अलंकरण समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में डॉ. संजय अग्रवाल और वैभवी अग्रवाल, समाजसेवा के लिए राजेन्द्र अग्रवाल राजू, सेवा सहयोग के लिए विनोद अग्रवाल, राजनीति के क्षेत्र में राजेश अग्रवाल, आजीवन समाजसेवा के लिए महेन्द्र सेक्सरिया, जीव-दया के लिए सुधीर सुल्तानिया और चिकित्सा सेवा के लिए डॉ. अंकिता गोयल को सम्मानित किया गया।

इसी क्रम में प्रगति अग्रवाल को कक्षा 12वीं की प्रावीण्य सूची में प्रदर्शन, महेन्द्र बागड़ोदिया को पर्यावरण एवं स्वच्छता, डॉ. पल्लवी अग्रवाल को व्यावसायिक प्रतियोगी परीक्षा, तनिषा अग्रवाल को नृत्य एवं संगीत, नमित जैन को पत्रकारिता एवं न्यूज मीडिया, जयनारायण राहुल अग्रवाल को खेल, ममता अग्रवाल को महिला सशक्तिकरण, सौम्या जिंदल को कला-साहित्य-संस्कृति, दादूराम अग्रवाल को उद्योग एवं व्यापार तथा अग्रवाल सभा अंबिकापुर को उत्कृष्ट संस्था के सम्मान से नवाजा गया।

इसके अतिरिक्त आयुष सांवड़िया, सैन्टी सोनाभ गर्ग और रचना नितेश गोयल को अग्र विशिष्ट सम्मान प्रदान किया गया। संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल ने कहा कि अग्र अलंकरण का उद्देश्य समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को पहचान देना और उनकी उपलब्धियों को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनाना है।

समापन अवसर पर परिवारोत्सव का आयोजन भी हुआ। मोटिवेशनल स्पीकर मनीष भाई वघासिया ने परिवार में संवाद, आपसी विश्वास, बुजुर्गों के सम्मान और नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने पर विचार रखे। दो दिनों के आयोजन में सामाजिक संगठन, सेवा, स्वास्थ्य, परिवार, संस्कृति, व्यापार और प्रतिभा सम्मान जैसे विषयों पर चर्चा हुई। आयोजकों ने कार्यक्रम की सफलता में सहयोग देने वाले पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, संस्थाओं और समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।