अंबागढ़ चौकी में सफाई व्यवस्था बदहाल, सार्वजनिक शौचालयों और कचरा उठाव को लेकर नागरिकों में नाराजगी

अंबागढ़ चौकी नगर में नियमित सफाई, डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन और सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई को लेकर नागरिकों और पार्षदों ने शिकायतें दर्ज कराई हैं। मुख्य मार्गों और गलियों में कचरा जमा होने तथा कई सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था प्रभावित होने की बात सामने आई है। नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने शिकायतों पर सफाई विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए व्यवस्था सुधारने और लापरवाही करने वाले कर्मचारियों व ठेकेदार पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

Sep 21, 2026 - 17:18
 0  2
अंबागढ़ चौकी में सफाई व्यवस्था बदहाल, सार्वजनिक शौचालयों और कचरा उठाव को लेकर नागरिकों में नाराजगी

UNITED NEWS OF ASIA. जावेद खान, मानपुर l अंबागढ़ चौकी नगर में सफाई व्यवस्था को लेकर नागरिकों की नाराजगी सामने आ रही है। नगर पंचायत क्षेत्र के कई वार्डों में नियमित सफाई नहीं होने, डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन प्रभावित होने और सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई नहीं होने की शिकायतें सामने आई हैं। मुख्य मार्गों और गलियों में जगह-जगह कचरा जमा होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नागरिकों का कहना है कि समय पर कचरा नहीं उठने के कारण कई स्थानों पर गंदगी फैल रही है और मवेशियों के कचरा फैलाने से स्थिति और बिगड़ रही है।

नगर में स्वच्छ भारत मिशन के तहत सफाई व्यवस्था को बेहतर रखने के दावे के बीच सामने आ रही शिकायतों ने नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। नागरिकों के साथ-साथ कुछ पार्षदों ने भी अपने-अपने वार्डों में सफाई व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं की जानकारी दी है। वार्ड क्रमांक 2 के पार्षद सुरेश नेताम ने मेरेगांव स्थित सार्वजनिक शौचालय की नियमित सफाई नहीं होने की शिकायत की। उनके मुताबिक क्षेत्र के कई नागरिक इस शौचालय का उपयोग करते हैं, ऐसे में सफाई व्यवस्था प्रभावित होने से लोगों को परेशानी हो रही है।

वार्ड क्रमांक 9 के पार्षद मुकेश सिन्हा ने अंडा गली स्थित सार्वजनिक शौचालय की सफाई नहीं होने और आसपास की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की बात कही। वहीं वार्ड क्रमांक 8 की पार्षद ऊषा यादव ने आत्मानंद स्कूल के पास स्थित सार्वजनिक शौचालय में सफाई से जुड़ी समस्याएं बताईं। उन्होंने शौचालय के बरामदे में सीमेंट रखे होने और बिजली मीटर से कटआउट चोरी होने की जानकारी दी, जिससे पानी और बिजली की सुविधा प्रभावित होने की बात कही गई।

वार्ड क्रमांक 2 के वरिष्ठ नागरिक संतोष पांडे ने गायत्री मंदिर के सामने कचरा जमा होने की शिकायत की। उनका कहना है कि मवेशियों के कारण कचरा सड़क पर फैल जाता है। वहीं वार्ड क्रमांक 8 के पूर्व एल्डरमेन ढालसिंह कौशिक ने डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन नियमित नहीं होने की बात कही। वार्ड क्रमांक 1 में भी ऐसी शिकायतें सामने आने की जानकारी दी गई है।

बस स्टैंड और बाजार क्षेत्र के व्यापारियों ने भी सार्वजनिक शौचालयों की सफाई और कचरा उठाव को लेकर समस्या बताई है। ओमेश दुबे और सोनी ने बस स्टैंड तथा वार्ड क्रमांक 9 के सार्वजनिक शौचालय की नियमित सफाई नहीं होने की बात कही। बाजार, तहसील कार्यालय, पटेल पारा, नया बस स्टैंड और परमेश्वरी नगर स्थित सार्वजनिक शौचालयों को लेकर भी शिकायतें सामने आई हैं। व्यापारियों का कहना है कि सफाई वाहन सुबह जल्दी निकल जाता है, जबकि कई दुकानें सुबह 8 से 9 बजे के बाद खुलती हैं। शाम को कचरा उठाने की व्यवस्था नहीं होने से परेशानी बढ़ती है।

लगातार शिकायतों के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने सफाई दरोगा और पीआईयू को फटकार लगाई है। उन्होंने सीएमओ और उपयंत्री को सफाई विभाग की बैठक बुलाकर कार्ययोजना तैयार करने तथा वार्डों और मुख्य मार्गों में नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन में लापरवाही वाले क्षेत्रों में स्वच्छता दीदियों के प्रभार में बदलाव और लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं। सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था देखने वाले ठेकेदार पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

इधर सफाई कर्मियों और स्वच्छता दीदियों का कहना है कि उन्हें कई बार मूल सफाई कार्य से हटाकर अन्य कामों में लगाया जाता है। कर्मचारियों के मुताबिक जिला मुख्यालय मोहला में सफाई कार्य सहित अन्य शासकीय योजनाओं और जनगणना से जुड़े कार्यों में ड्यूटी लगाए जाने से नियमित सफाई प्रभावित होती है। अब नगर पंचायत स्तर पर व्यवस्था सुधारने के निर्देश के बाद नागरिकों को नियमित सफाई और कचरा उठाव बहाल होने की उम्मीद है।