रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने छात्राओं को वितरित की साइकिल, शिक्षा के लिए किया प्रेरित

रायपुर के संत कंवर राम स्कूल, कटोरा तालाब में रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने छात्राओं को साइकिल वितरित की। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को मेहनत, अनुशासन और शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने तथा अपने विद्यालय और परिवार का नाम रोशन करने का संदेश दिया।

Aug 2, 2026 - 13:13
 0  3
रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने छात्राओं को वितरित की साइकिल, शिक्षा के लिए किया प्रेरित

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l राजधानी रायपुर के पंडित भगवती चरण शुक्ल वार्ड क्रमांक-57 स्थित संत कंवर राम स्कूल, कटोरा तालाब में छात्राओं के लिए साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने छात्राओं को साइकिल वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। साइकिल प्राप्त करते ही छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुनील सोनी ने छात्राओं से शिक्षा को जीवन का सबसे बड़ा आधार बताते हुए निरंतर मेहनत करने, आत्मविश्वास बनाए रखने और अपने लक्ष्य की ओर पूरी लगन से आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही सफलता की सबसे मजबूत नींव है और विद्यार्थियों को अपने विद्यालय, माता-पिता तथा समाज का नाम रोशन करने के लिए पूरी निष्ठा से अध्ययन करना चाहिए।

उन्होंने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें शिक्षा से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है। साइकिल मिलने से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी, जिससे उनकी पढ़ाई नियमित रूप से जारी रह सकेगी।

कार्यक्रम में वार्ड पार्षद एवं नगर निगम संस्कृति विभाग के अध्यक्ष अमर गिदवानी, पार्षद स्वप्निल मिश्रा, सिविल लाइन मंडल अध्यक्ष सुनील कुकरेजा, महामंत्री शैलेन्द्र, बबला होतवानी, कैलाश राजपूत, प्रशांत जगत तथा वार्ड पार्षद कार्यालय सहायिका गायत्री देवांगन भी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने छात्राओं को साइकिल वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय की प्राचार्य सुचि विश्वास, शिक्षकगण एवं विद्यालय स्टाफ की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अतिथियों ने विद्यार्थियों से अनुशासन, नियमित अध्ययन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने छात्राओं को जीवन में शिक्षा का महत्व समझाते हुए मेहनत, समर्पण और निरंतर प्रयास के बल पर सफलता हासिल करने का संदेश दिया। विद्यालय परिवार ने साइकिल वितरण कार्यक्रम को छात्राओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।